Last Updated:
शैंपू के बाद बालों को स्मूथ बनाने के लिए कंडीशनर लगाने की सलाह दी जाती है. लेकिन ज्यादातर लोग इसे लगाते समय एक कॉमन गलती ये कर देते हैं कि इसे स्कैल्प पर लगाते हैं. यहां जानिए कंडीशनर बालों के लिए क्यों जरूरी है, और इसे कैसे अप्लाई करना चाहिए. साथ ही स्कैल्प पर कंडीशनर लगाने के लिए क्यों मना किया जाता है.
बालों से गंदगी की परत, एक्सट्रा ऑयल हटाने के लिए जहां शैंपू का इस्तेमाल किया जाता है, वहीं इसके बाद बालों की अच्छी कंडीशनिंग के लिए कंडीशनर लगाना जरूरी होता है. दरअसल, शैंपू करने के प्रोसेस में बालों की बाहरी परत (क्यूटिकल) थोड़ी खुरदरी हो जाती है. यही वजह है कि शैंपू के बाद बाल रूखे, उलझे हुए और बेजान महसूस हो सकते हैं. ऐसे में कंडीशनर इस नुकसान की भरपाई करने का काम करता है.
ये बालों की सतह पर एक प्रोटेक्शन लेयर बनाता है, जिससे बालों में नमी बनी रहती है और वे अधिक मुलायम, चमकदार और आसानी से मैनेज होने वाले बनते हैं. हेयर केयर विशेषज्ञों के अनुसार, नियमित रूप से कंडीशनर का इस्तेमाल करने से बालों के टूटने, उलझने और दोमुंहे होने की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है. लेकिन इन फायदों के लिए कंडीशनर को सही तरीके से लगाना जरूरी है.
कंडीशनर बालों के लिए क्यों जरूरी है?
कंडीशनर बालों में मॉइस्चर को लॉक करने में मदद करता है, जिससे वे सूखे और रूखे नहीं लगते. साथ ही बालों की बाहरी परत को स्मूद करता है, जिससे बाल अधिक चमकदार दिखाई देते हैं. कंडीशनर लगाने के बाद बाल आसानी से सुलझ जाते हैं, जिससे कंघी करते समय ज्यादा बाल टूटने की संभावना कम होती है. इसके अलावा घुंघराले और लंबे बालों में कंडीशनर फ्रिज को कंट्रोल करने में मदद करता है.
कंडीशनर कैसे अप्लाई करना चाहिए?
– सबसे पहले बालों को शैंपू से अच्छी तरह धो लें.
– अतिरिक्त पानी को हल्के हाथों से निकाल दें.
– कंडीशनर की थोड़ी मात्रा हथेली में लें.
– इसे बालों की मिड-लेंथ से लेकर एंड्स तक लगाएं.
– 2 से 5 मिनट तक लगा रहने दें ताकि ये बालों में अच्छी तरह काम कर सके.
– इसके बाद साफ पानी से अच्छी तरह धो लें.
स्कैल्प पर कंडीशनर लगाने से क्यों मना किया जाता है?
हेयर एक्सपर्ट्स आमतौर पर स्कैल्प पर कंडीशनर लगाने की सलाह नहीं देते. इसका मुख्य कारण यह है कि कंडीशनर का फॉर्मूला बालों की लंबाई और सिरों के लिए बनाया जाता है, न कि स्कैल्प के लिए. स्कैल्प पर कंडीशनर लगाने से कुछ लोगों में बाल चिपचिपे या भारी महसूस हो सकते हैं. ऑयली स्कैल्प वाले लोगों में इससे बाल जल्दी ऑयली दिखते हैं. वहीं, जब इसे बालों के नीचले हिस्से में लगाया जाता है तो इससे नमी बालों मॉइश्चर्ड नजर आते हैं, क्योंकि इस हिस्से में ऑयल नहीं बनता है.