पटना. बिहार में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अंदर खींचतान बढ़ती जा रही है. मोकामा से JDU विधायक अनंत सिंह ने पार्टी के मौजूदा MLC और प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है. अनंत सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वह नीरज कुमार का पूरी ताकत से विरोध करेंगे.
अनंत सिंह ने अपने रुख की वजह भी साफ कर दी है. उन्होंने कहा कि नीरज कुमार ने उनके चुनाव में विरोध किया था. ऐसे में अब वह भी नीरज कुमार के चुनाव में उनका विरोध करेंगे. अनंत सिंह का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पटना स्नातक सीट को लेकर JDU के भीतर नीरज कुमार के समर्थन में एकजुटता बनाने की कोशिशें चल रही हैं.
दरअसल, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से JDU ने नीरज कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है. वहीं, डॉ. अनुज सिंह निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं और अनंत सिंह पहले ही उनके समर्थन का ऐलान कर चुके हैं. अनंत सिंह ने अपने समर्थकों से भी अनुज सिंह के पक्ष में समर्थन की अपील की है.
‘नीरज ने मेरा विरोध किया, अब मैं उनका विरोध करूंगा’
अनंत सिंह का कहना है कि जब वह चुनाव लड़ रहे थे, तब नीरज कुमार ने उनका समर्थन नहीं किया बल्कि उनका विरोध किया. उनका सवाल है कि उस समय पार्टी की ओर से कोई बैठक क्यों नहीं बुलाई गई. अब जब वह नीरज कुमार का समर्थन नहीं कर रहे हैं, तो उनसे सवाल क्यों किए जा रहे हैं. यही वजह है कि अनंत सिंह अपने पुराने रुख पर कायम हैं.
JDU की बैठक में क्यों नहीं पहुंचे अनंत सिंह?
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद को खत्म करने के लिए JDU नेतृत्व की ओर से बैठक भी बुलाई गई थी. इस बैठक में दोनों नेताओं के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे थे. बैठक के बाद पार्टी की ओर से एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की गई थी. हालांकि, इसके बाद भी अनंत सिंह का नीरज कुमार के समर्थन में आने का रुख स्पष्ट नहीं हुआ. JDU की बैठक में शामिल नहीं होने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें क्षेत्र में जाना था, इसलिए वह बैठक में शामिल नहीं हो सके. हालांकि, नीरज कुमार के खिलाफ उनका विरोध अब भी जारी है.
नीरज कुमार ने क्या कहा?
वहीं पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच JDU नेता नीरज कुमार ने कहा कि अभी पार्टी ने उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा ही नहीं की है. ऐसे में उनके नाम पर किसी के विरोध करने की बात करना जल्दबाजी है. नीरज कुमार ने कहा कि उन्हें उम्मीदवार बनाया जाएगा या नहीं, यह पार्टी नेतृत्व के निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगा. उन्होंने कहा कि वह हमेशा पार्टी नेतृत्व के निर्णय के अनुसार काम करते हैं. नीरज कुमार ने यह भी कहा कि अभी कौन क्या कह रहा है, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता. उम्मीदवार घोषित होने के बाद ही विरोध और समर्थन को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी.
पटना स्नातक सीट पर होने वाला यह मुकाबला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि यहां JDU के उम्मीदवार नीरज कुमार के सामने पार्टी से जुड़े अनंत सिंह ने ही डॉ. अनुज सिंह का समर्थन किया है. ऐसे में चुनाव से पहले JDU के भीतर का यह विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है.