Agniveer Rally 2026 Guidelines: शरीर पर टैटू है तो समझ लें फौज में भर्ती के नियम, एक गलती से टूट जाएगा अग्निवीर बनने का सपना

Agniveer Rally 2026 Guidelines: शरीर पर टैटू है तो समझ लें फौज में भर्ती के नियम, एक गलती से टूट जाएगा अग्निवीर बनने का सपना


नई दिल्ली (Agniveer Rally 2026 Guidelines). देश की सेवा का जज्बा लेकर फौज में भर्ती होने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए मैदान में उतरने का वक्त आ गया है. इंडियन आर्मी की ‘अग्निपथ’ योजना के तहत फेज-2 की भर्ती रैलियों का बिगुल बज चुका है. कोलकाता में होने वाले महाअभियान को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. पहले चरण यानी CEE की बाधा पार करने वाले हजारों शॉर्टलिस्टेड कैंडिडेट्स ग्राउंड पर अपनी फिटनेस और दमखम दिखाने के लिए तैयार हैं.

अग्निवीर भर्ती रैली 2026 कोलकाता के संतोषपुर स्थित किशोर भारती क्रीड़ांगन में 21 से 28 सितंबर 2026 के बीच होगी. फौज की सख्त चयन प्रक्रिया में वही युवा बाजी मारेंगे, जिनकी तैयारी पक्की होगी और जो नियमों का अनुशासन से पालन करेंगे. मैदान पर उतरने से पहले यह जान लेना जरूरी है कि फौज की दौड़ में सिर्फ जोश काफी नहीं, बल्कि होश और पूरे कागजातों का होना भी अहम है. कई बार जरा सी लापरवाही या डॉक्यूमेंट्स की छोटी सी कमी महीनों की मेहनत पर पानी फेर देती है.

अग्निवीर भर्ती 2026 के लिए जरूरी गाइडलाइंस

भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती गाइडलाइंस में स्पष्ट कर दिया है कि रैली लोकेशन पर मोबाइल फोन ले जाने की सख्त पाबंदी है और दलालों से दूर रहना ही भलाई है. इसके अलावा, टैटू पॉलिसी को लेकर भी कई खास नियम तय किए गए हैं, जिससे किसी भी योग्य उम्मीदवार को अनजाने में बाहर न होना पड़े. अगर आप भी इस रैली में किस्मत आजमाने जा रहे हैं तो जरूरी डॉक्यूमेंट्स से लेकर फिटनेस और मेडिकल से जुड़ी हर छोटी-बड़ी बात तैयारी कर लें.

अग्निवीर रैली के लिए कौन-कौन से डॉक्यूमेंट्स लेकर जाएं?

अग्निवीर रैली ग्राउंड में जाने से पहले डॉक्यूमेंट्स की लिस्ट चेक कर लें. 10वीं की मूल मार्कशीट और बोर्ड प्रमाण पत्र जरूर लेकर जाएं. कैटेगरी के हिसाब से जाति प्रमाण पत्र, EWS प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और मूल निवास (डोमिसाइल) प्रमाण पत्र का होना अनिवार्य है. गांव या पंचायत स्तर पर सरपंच की तरफ से जारी कैरेक्टर सर्टिफिकेट, स्पोर्ट्स कोटा सर्टिफिकेट (अगर लागू हो), पासपोर्ट साइज फोटो और रैली का एडमिट कार्ड साथ रखना न भूलें. रैली से 2 दिन पहले ही सभी कागजों की दो-दो फोटोकॉपी करवाकर रख लें.

रैली से पहले और मैदान के अंदर क्या करें, क्या नहीं?

फौज की भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता और अनुशासन के लिए जानी जाती है. इसलिए वहां नियमों का उल्लंघन भारी पड़ सकता है. रैली से पहले अपने सभी डॉक्यूमेंट्स किसी सीनियर या टीचर से री-चेक करवा लें. रैली स्थल पर पहुंचते वक्त ध्यान रखें कि मोबाइल फोन या कोई अन्य कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान साथ न लाएं. इन्हें अंदर ले जाने की अनुमति नहीं मिलती. किसी भी बिचौलिए, दलाल या एजेंट के झांसे में बिल्कुल न आएं क्योंकि फौज में चयन केवल मेहनत और योग्यता के दम पर होता है.

टैटू पॉलिसी का नियम: किसे मिलेगी छूट और कहां है पाबंदी?

आज-कल युवाओं में टैटू बनवाने का क्रेज बहुत आम है. लेकिन आर्मी की भर्ती में इसे लेकर सख्त नियम हैं. हालांकि, ट्राइबल (जनजातीय) समुदाय के कैंडिडेट्स को अपनी परंपरा और रीति-रिवाजों के तहत परमानेंट टैटू रखने की छूट है. इसके लिए ‘सेल्फ-अटेस्टेड सर्टिफिकेट’ और DC/DM/SDM का ‘ट्राइबल टैटू परमिशन सर्टिफिकेट’ जमा करना होगा. धार्मिक टैटू केवल बाजू के अंदरूनी हिस्से, कोहनी से कलाई तक या हाथ के पिछले हिस्से पर ही मान्य हैं. अगर टैटू ऊपरी बाजू, छाती, गर्दन, पैर, कमर या पसलियों के हिस्से पर है तो उम्मीदवार को तुरंत बाहर कर दिया जाएगा.

मेडिकल फिटनेस और रैली के बाद की जरूरी सावधानियां

दौड़ और शारीरिक दक्षता परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवारों को मेडिकल टेस्ट के दौर से गुजरना पड़ता है. किसी भी पुरानी चोट, हड्डी की समस्या या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी को छिपाने की कोशिश बिल्कुल न करें. पहले ही डॉक्टर से सलाह ले लें. अग्निवीर रैली खत्म होने के बाद आगे की प्रक्रिया के लिए भारतीय सेना की ऑफिशियल वेबसाइट पर ही भरोसा करें. सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी अफवाह या फर्जी मेसेज के चक्कर में न पड़ें. पूरी प्रक्रिया के दौरान धैर्य बनाए रखें.

फौज की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए खास टिप्स

अग्निवीर भर्ती केवल स्टैमिना का टेस्ट नहीं है, बल्कि यह प्रेजेंस ऑफ माइंड की भी परीक्षा है. ग्राउंड पर रिपोर्टिंग के समय से लेकर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन तक, हर जगह अनुशासन ही सबसे बड़ी ढाल बनता है. ठंड हो या उमस, मौसम के मुताबिक खान-पान रखें और सुबह की दौड़ के लिए अपने स्लीपिंग शेड्यूल को अभी से सुधार लें. इन बारीकियों को समझकर मैदान में उतरेंगे तो सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाएगी और आपका फौजी बनने का सपना हकीकत में बदल सकेगा.



Source link