‘मुझे गालियां दीं, धमकाया..’, भोपाल में गुरुग्राम जैसा कांड, फीमेल राइडर के साथ खुलेआम बदसलूकी

‘मुझे गालियां दीं, धमकाया..’, भोपाल में गुरुग्राम जैसा कांड, फीमेल राइडर के साथ खुलेआम बदसलूकी


Last Updated:

Bhopal Female Rider Abida: भोपाल में फीमेल राइडर आबिदा के साथ सड़क पर बदसलूकी और रास्ता रोकने का मामला सामने आया है. आबिदा के मुताबिक, 2 अगस्त को वह बाइक से घर से निकली थीं. इसी दौरान एक कार चालक ने रास्ता रोककर उनके साथ गाली-गलौज और धमकी दी. इसके बाद कार सवारों ने उनकी बाइक का पीछा किया और कई बार रास्ता रोकने की कोशिश की. आबिदा ने 4 अगस्त को निषातपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने वीडियो देखने के बाद मामले में कार्रवाई की और कार से जुड़े लोगों को थाने बुलाया.

Zoom

महिला राइडर ने पुलिस को दिखाई वीडियो

भोपाल: गुरुग्राम में फीमेल राइडर सिया के साथ हुई बदसलूकी के बाद अब भोपाल से भी ऐसा ही मामला सामने आया है. यहां फीमेल राइडर आबिदा ने कुछ युवकों पर बदसलूकी और धमकी देने का आरोप लगाया है. आबिदा के मुताबिक, युवकों ने सड़क पर उनकी बाइक का रास्ता रोक दिया. इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज की गई. उन्हें धमकाया गया. घटना के बाद आबिदा ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया. कार चालक और उससे जुड़े लोगों को थाने बुलाया गया. इसके बाद युवकों ने आबिदा से माफी मांगी. उन्होंने लिखित में भी माफीनामा दिया.

रास्ता रोककर करने लगे गाली-गलौज
आबिदा ने बताया कि यह घटना 2 अगस्त की है. वह अपने घर से किसी काम के सिलसिले में निकली थीं. इसी दौरान एक क्रॉसिंग पर उनकी नजर एक कार पर पड़ी. एक गली से कार सड़क पार करने की कोशिश कर रही थी. कार चालक ने अपनी गाड़ी सड़क के बीच में रोक दी. आबिदा के मुताबिक, इसके बाद कार में सवार लोगों ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया. उन्हें धमकाया गया. युवकों ने कथित तौर पर कहा कि अब बाइक निकालकर दिखाओ. उस समय आबिदा का कैमरा बंद था. इसलिए वह शुरुआती घटना को रिकॉर्ड नहीं कर सकीं. इसके बाद जब उन्होंने बाइक आगे बढ़ाई तो कार सवारों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया. आबिदा के मुताबिक, वीडियो में भी कार को उनका रास्ता रोकते हुए देखा जा सकता है. उन्होंने कई बार युवकों को पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी. इसके बावजूद वे नहीं माने.

पुलिस स्टेशन के पास पहुंचते ही मुड़ गए
आबिदा ने बताया कि निषातपुरा पुलिस स्टेशन घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर था. वह लगातार युवकों को पुलिस में शिकायत करने की बात कह रही थीं. इसके बाद कार सवार लोग पुलिस स्टेशन से कुछ पहले ही दूसरी तरफ मुड़ गए. इसके बाद आबिदा वहां से चली गईं. आबिदा ने अगले दिन यानी 4 अगस्त को थाने में पूरे मामले की शिकायत की. पुलिस ने पहले उनसे पूछा कि वह मामले में क्या कार्रवाई चाहती हैं. पुलिस ने यह भी पूछा कि वह सिर्फ चेतावनी दिलवाना चाहती हैं या औपचारिक शिकायत करना चाहती हैं. इसके बाद आबिदा ने पुलिस को घटना का वीडियो दिखाया. पुलिस ने वीडियो देखने के बाद बताया कि मामला उनके क्षेत्र का ही है. इसके बाद उनका आवेदन लिया गया. पुलिस ने कार से जुड़े लोगों से फोन पर संपर्क किया.

आरोपियों ने लिखित में मांगी माफी
आबिदा के मुताबिक, पुलिस में शिकायत के बाद जब उन्होंने फोन किया तो एक महिला ने बात की और कहा कि जिस कार की बात हो रही है, वह उस समय घर पर थी. इसके बाद एक युवक ने फोन उठाया. उसने बताया कि वे लोग बाहर थे और उसकी पत्नी के साथ घटना हुई थी. हालांकि, इसके बाद 5 अगस्त को संबंधित युवक थाने पहुंचे. उन्होंने आबिदा से माफी मांगी. उन्होंने कहा कि उन्हें पता नहीं था कि बाइक पर लड़की सवार थी. हालांकि, आबिदा का कहना है कि उनकी आवाज उन लोगों को साफ सुनाई दे रही थी. ऐसे में उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि बाइक कौन चला रहा है, यह बात उन्हें सही नहीं लगी. पुलिस की मौजूदगी में युवकों ने लिखित माफीनामा भी दिया. उन्होंने आगे ऐसी घटना नहीं दोहराने की बात कही. पुलिस अधिकारी ने भी उन्हें चेतावनी दी. कहा गया कि भविष्य में इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए. इसके बाद उन्हें जाने दिया गया.

‘कभी-कभी डर लगता है, परिवार भी चिंतित रहता है’
आबिदा ने इस घटना को लेकर सवाल भी उठाए हैं. उनका कहना है कि सड़क पर राइडिंग करने वाली लड़कियों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए. उन्होंने बताया कि कभी-कभी उन्हें भी डर लगता है. उनका परिवार भी उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहता है. इसके बावजूद आबिदा का कहना है कि राइडिंग उनका शौक है. वह इसे छोड़ना नहीं चाहतीं. वह चाहती हैं कि लड़कियां अपनी पसंद के काम करें. साथ ही, सड़क पर सभी के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए.



Source link