मुंगेर जमालपुर डकैती कांड में गले पर ‘विलेन’ के सुराग से बदमाश तक पहुंची पुलिस, अब ’72 घंटे में भूचाल’ धमकी वाले वीडियो से दिया चैलेंज

मुंगेर जमालपुर डकैती कांड में गले पर ‘विलेन’ के सुराग से बदमाश तक पहुंची पुलिस, अब ’72 घंटे में भूचाल’ धमकी वाले वीडियो से दिया चैलेंज


Last Updated:

Munger Crime news: मुंगेर के जमालपुर में 18 लाख 50 हजार रुपये की डकैती के बाद अब एक टैटू ने पुलिस की जांच को नया मोड़ दे दिया है. डकैती के दौरान बदमाश के गले पर बने ‘विलेन’ टैटू को देखने की बात पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताई थी. पुलिस ने इसी सुराग के आधार पर एक संदिग्ध तक पहुंच बनाई. लेकिन पुलिस की पूछताछ शुरू होते ही संदिग्ध ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस को ही चुनौती दे डाली. 72 घंटे के भीतर ‘भूचाल’ मचाने की धमकी देने वाले इस संदिग्ध को लेकर पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.

Zoom

जमालपुर डकैती कांड में नया मोड़. टैटू के सहारे पुलिस पहुंची संदिग्ध तक

मुंगेर. जमालपुर के फरीदपुर दास टोली में 22 सितंबर की रात सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक मनोज कुमार दास के घर हुई 18 लाख 50 हजार रुपये की डकैती का मामला लगातार सुर्खियों में है. पांच नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था. घटना के बाद से पुलिस बदमाशों की तलाश में लगातार छापेमारी और पूछताछ कर रही है. इस बीच एक नया ट्विस्ट तब आया ज जांच के दौरान पीड़ित परिवार के एक अहम इनपुट ने पुलिस का ध्यान खींचा. परिवार ने बताया था कि एक बदमाश के गले पर ‘विलेन’ नाम का टैटू बना हुआ था. पुलिस ने इसी टैटू को सुराग बनाकर फरीदपुर और आसपास के इलाके में ऐसे युवक की तलाश शुरू की. अब इस मामले में चौंकाने वाली बात सामने आई है.

विलेन टैटू से पुलिस पहुंची संदिग्ध तक

मुंगेर पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच एक ऐसे युवक तक पहुंची, जिसकी पहचान निर्भय कुमार झा उर्फ निशु झा उर्फ बाबा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि संदिग्ध के घर पर पुलिस ने छापेमारी की. युवक के घर पर नहीं मिलने के बाद पुलिस ने उसके परिवार के सदस्यों से पूछताछ की. लेकिन कहानी में असली ट्विस्ट इसके बाद आया, पूछताछ की जानकारी मिलने के बाद कथित टैटू वाले संदिग्ध ने इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो जारी कर दिया.

पुलिस के लिए चुनौती बना वीडियो

वीडियो में उसने डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया और पुलिस से परिवार के सदस्यों को परेशान नहीं करने की बात कही. इतना ही नहीं, वीडियो में उसने 72 घंटे के भीतर ‘भूचाल’ मचाने की धमकी भी दी. अब पुलिस के सामने एक तरफ 18 लाख 50 हजार की डकैती का खुलासा करने की चुनौती है, तो दूसरी तरफ वीडियो जारी कर पुलिस को चुनौती देने वाले इस संदिग्ध की तलाश भी तेज हो गई है.

एसपी बोले- संदिग्ध का आपराधिक इतिहास

इस पूरे मामले पर मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने कहा है कि डकैती कांड में यह युवक संदिग्ध है और उसका पूर्व का आपराधिक इतिहास भी रहा है. पुलिस इंटरनेट मीडिया पर जारी वीडियो की भी जांच कर रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. एसपी ने कहा कि संदिग्ध को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और डकैती में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.



Source link