Last Updated:
Pakistan-Afghanistan Clash: पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच का तनाव एक बार पिर बढ़ गया, जब बॉर्डर पर दोनों सेनाएं भिड़ गईं. पहले पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की सीमा में घुसकर हवाई हमले किए थे, जिसके जवाब में तालिबान की ओर से लगातार जवाब दिया जा रहा है. ताजा हमले में शनिवार रात को एक बार फिर खुर्रम सेक्टर में फायरिंग की आवाजें सुनाई दीं.
अफगानिस्तान-पाकिस्तान बॉर्डर पर ताबड़तोड़ फायरिंग. (सांकेतिक तस्वीर)
Pakistan-Afghanistan Border Conflict: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. शनिवार रात अफगान तालिबान के जवानों और पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी हुई. पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक अफगान बलों ने खुर्रम सेक्टर में पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर फायरिंग की. इसके जवाब में पाकिस्तान की सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की
पाकिस्तानी सूत्रों का कहना है कि गोलीबारी अफगानिस्तान के नंगरहार और पक्तिया प्रांतों से लगे इलाकों की ओर से शुरू हुई. इससे पहले पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने सीमा पार से घुसपैठ की कथित कोशिश को नाकाम किया था. पाकिस्तान का दावा है कि इसके बाद अफगान तालिबान ने उसकी सीमा चौकियों पर बिना उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी. हालांकि तालिबान ऐसी किसी भी कार्रवाई से इनकार करता है.
पाकिस्तानी सेना ने की जवाबी कार्रवाई
पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में भारी हथियारों, मोर्टार और तोपों का इस्तेमाल किया गया. पाकिस्तानी बलों ने अफगान तालिबान की कुछ सीमा चौकियों और सुरक्षा ठिकानों को निशाना बनाया. पाकिस्तान का कहना है कि कार्रवाई के दौरान कुछ अफगान तालिबान लड़ाके अपने ठिकाने छोड़कर पीछे हट गए. हालांकि इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. इससे पहले भी पाकिस्तानी अधिकारियों ने दावा किया था कि कुछ हथियारबंद लोगों ने अफगानिस्तान से खैबर पख्तूनख्वा के कुर्रम इलाके में घुसने की कोशिश की थी. पाकिस्तान ने इन लोगों को प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े सदस्य बताया है. पाकिस्तान सरकार TTP के लिए फितना-अल-खवारिज शब्द का इस्तेमाल करती है.
बॉर्डर पर पहले से ही है तनाव
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर लंबे समय से तनाव बना हुआ है. पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान में मौजूद कुछ आतंकवादी संगठन उसकी सीमा में हमले और घुसपैठ करते हैं. दूसरी ओर अफगान तालिबान पाकिस्तान के इन आरोपों को खारिज करता रहा है और कहता है कि उसकी जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ हमलों के लिए नहीं होने दिया जाता. हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव और बढ़ा है. 21 सितंबर को पाकिस्तान ने पूर्वी अफगानिस्तान में हवाई हमले किए थे. पाकिस्तान ने कहा था कि इन हमलों में आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया. वहीं अफगान अधिकारियों ने नागरिकों के मारे जाने का दावा करते हुए इन हमलों की निंदा की थी.