बारिश में सड़क पर रुका था ई-रिक्शा, तभी आई तेज रफ्तार थार, चालक की मौत

बारिश में सड़क पर रुका था ई-रिक्शा, तभी आई तेज रफ्तार थार, चालक की मौत


Last Updated:

Moradabad Latest News: मुरादाबाद में बारिश के दौरान आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया. रुस्तम नगर सहसपुर के पास तेज रफ्तार थार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी. हादसे में ई-रिक्शा चालक नाजिम उर्फ चंदा की मौत हो गई. हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया.

Zoom

घटना का सीसीटीवी वीडियो वायरल.

मुरादाबाद: यूपी के मुरादाबाद में बारिश के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर रुस्तम नगर सहसपुर के पास तेज रफ्तार थार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ई-रिक्शा चालक नाजिम उर्फ चंदा की मौत हो गई. घटना के बाद का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की पूरी घटना कैद बताई जा रही है.

बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान नाजिम ई-रिक्शा लेकर हाईवे पर था. इसी दौरान उसका ई-रिक्शा बीच सड़क पर रुक गया. वह कुछ समझ पाता, इससे पहले ही तेज रफ्तार थार वहां पहुंची और ई-रिक्शा में टक्कर मार दी. हादसे में नाजिम गंभीर रूप से घायल हो गया.

हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बताया जा रहा है कि थार चालक ने नाजिम को अपनी गाड़ी में रखा और उसे बिलारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा. इसके बाद चालक वाहन समेत वहां से फरार हो गया.

घटना की जानकारी मिलते ही बिलारी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाई और सीसीटीवी फुटेज को भी जांच में शामिल किया. पुलिस अब उस थार और उसके चालक की तलाश कर रही है. उधर, नाजिम की मौत की खबर जैसे ही उसके परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. आसपास के लोग भी परिवार को संभालने में जुटे रहे.

पुलिस हादसे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. साथ ही फरार थार चालक का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है. पुलिस के मुताबिक, चालक की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी. यह पूरा मामला बिलारी थाना क्षेत्र के रुस्तम नगर सहसपुर का है. हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ भी जुटी रही.



Source link