Last Updated:
Housing Price in Bengalore : एक युवक ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि उसकी महीने की कमाई 1.80 लाख रुपये है, फिर भी बैंगलुरु में एक 2बीएचके फ्लैट अफोर्ड नहीं कर पा रहा है. इस पोस्ट पर तमाम यूजर्स के भी कमेंट आए हैं जिसमें कहा गया है कि बहुत ज्यादा इनवेंटरी होने के बावजूद शहर में प्रॉपर्टी के दाम नीचे नहीं आ रहे हैं.
बैंगलुरु में प्रॉपर्टी की कीमत लगातार महंगी होती जा रही है.
नई दिल्ली. देश में प्रॉपर्टी के दाम आसमान छू रहे हैं. बैंगलुरू को ही ले लीजिए, जहां 2 लाख महीने की सैलरी वाला भी 2बीएचके फ्लैट के लिए तरस रहा है. 25 साल के एक युवक ने सोशल मीडिया पर अपनी व्यथा पोस्ट करते हुए कहा है कि उसकी कमाई हर महीने 1.80 लाख रुपये है, लेकिन 2बीएचके मकान की कीमत इतनी ज्यादा है कि उसकी यह कमाई भी कम पड़ रही है. युवक ने कहा कि वह हर महीने 75 हजार रुपये की एसआईपी करते हैं, लेकिन एक अदद 2बीएचके मकान खरीदने के लिए पैसे नहीं जुटा पा रहे हैं.
युवक ने अपनी पोस्ट पर लिखा कि वह हर महीने सिर्फ रहने के लिए ही 31 हजार रुपये खर्च करता है. वह अकेले एक पीजी में रहते हैं और अपने खर्चों व सैलरी को लेकर काफी सजग रहते हैं. जरूरी खर्चों से जो भी बचता है, उसे सेविंग में डाल देते हैं. युवक ने बताया कि वह इंदिरानगर में एक 2बीएचके अपार्टमेंट खरीदने की सोच रहे हैं, जिसकी कीमत 1.3 करोड़ रुपये है. इसके लिए उनकी कमाई पर्याप्त नहीं है और न ही सेविंग से काम चल रहा है.
सपने पूरे करने के लिए सेविंग पर जोर
युवक ने कहा कि मैं एक मिडिल क्लास परिवार से आता हूं और अपने खर्चों को लेकर काफी सजग रहता हूं, ताकि पैसों की बर्बादी न होने पाए. उन्होंने कहा कि 30 साल की उम्र तक वह शादी नहीं करेंगे और मकान खरीदने के लिए सेविंग के दूसरे तरीकों पर भी विचार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि 5 साल तक अपने पोर्टफोलियो को और मजबूत बनाकर और होम लोन लेकर अपने घर का सपना जरूर पूरा करेंगे.
बनावटी है प्रॉपर्टी की कीमत
सोशल मीडिया पर इस पोस्ट के वायरल होने के बाद एक यूजर ने लिखा कि डिमांड कम हो रही है और कई संपत्तियां बिना खरीदार के ही पड़ी हुई हैं. बनावटी कीमतें जल्द ही आसमान से नीचे आने वाली हैं. इस जवाब पर युवक ने लिखा कि क्या सच में आने वाले समय में प्रॉपर्टी की कीमतें नीचे आने वाली हैं या फिर अभी खरीदना बेहतर होगा. उन्होंने चिंता जताई कि मौजूदा हालात में प्रॉपर्टी खरीदना एक तरह का जुआ जैसा लग रहा है. एक अन्य यूजर ने लिखा, भारत में प्रॉपर्टी की कीमतें कम होने की संभावना काफी कम है, जब तक कि कुछ बड़ा न हो जाए. अगर बड़ी संख्या में छंटनी होती है तो इसका असर प्रॉपर्टी बाजार पर भी बखूबी दिखेगा.
अभी खराब हैं हालात
यूजर्स का कहना है कि बैंगलुरु के प्रॉपर्टी बाजार में बड़ी संख्या में तैयार अपार्टमेंट और फ्लैट होने के बावजूद इनकी कीमतें नीचे नहीं आ रही हैं. एक यूजर ने सुझाव दिया कि नया अपार्टमेंट खरीदने के बजाय पुराना मकान लिया जा सकता है. उन्होंने बताया कि हाल में ही एक 2बीएचके फ्लैट खरीदा जो सिर्फ 5 से 6 साल पुराना है. इसकी कीमत नई प्रॉपर्टी के मुकाबले काफी कम रही है. बैंगलुरु में किराये का बाजार भी काफी ज्यादा बढ़ रहा है.