DIY almond oil Recipe: जब बात खूबसूरती और सेहत की आती है, तो हमारे दिमाग में सबसे पहला नाम बादाम का आता है. बचपन से ही हमें दादी-नानी ने बादाम खाने की सलाह दी होगी, ताकि दिमाग तेज हो और शरीर मजबूत रहे. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस बादाम को आप सिर्फ खाने के लिए इस्तेमाल करते हैं, उसका तेल आपकी पूरी ब्यूटी केयर का गेम बदल सकता है?
आजकल मार्केट में मिलने वाले ज्यादातर बादाम के तेलों पर ‘प्योर’ का टैग तो होता है, लेकिन उनमें मिनरल ऑयल और सिंथेटिक खुशबू की मिलावट छिपी होती है. ऐसे केमिकल प्रोडक्ट्स बालों का झड़ना और स्किन पर पिंपल्स जैसी समस्याएं बढ़ा सकते हैं.
अगर आप भी इस मिलावट से तंग आ चुके हैं और अपनी स्किन व बालों को एकदम नेचुरल और शुद्ध पोषण देना चाहते हैं, तो अब महंगे प्रोडक्ट्स पर पैसे बहाने की कोई जरूरत नहीं है. हम आपके लिए लाए हैं दो ऐसा आसान तरीका, जिससे आप घर पर ही बिल्कुल शुद्ध बादाम का तेल तैयार कर सकते हैं.
यह होममेड तेल आपके बालों और त्वचा के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. आइए इसके आसान स्टेप्स जानते हैं. घर पर शुद्ध और नेचुरल बादाम का तेल बनाने की सामग्री, विधि, फायदे और इसे इस्तेमाल करने का सही तरीका:
आवश्यक सामग्री (Ingredients)
बादाम: लगभग 600 ग्राम अच्छी क्वालिटी के सूखे बादाम.
पानी: बादाम भिगोने और पीसने के लिए गुनगुना पानी.
कपड़ा: मिश्रण से तेल निचोड़ने के लिए एक साफ सूती या मलमल (Muslin) का कपड़ा.
जार: तेल और पेस्ट को रखने के लिए कांच का साफ कंटेनर या एयर-टाइट जार.
बनाने की विधि (Step-by-Step Method)-
बादाम तैयार करना: सबसे पहले 600 ग्राम बादाम को 5 से 8 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें. समय पूरा होने के बाद बादाम को पानी से निकालकर छान लें और धूप में या ट्रे में फैलाकर अच्छी तरह सुखा लें. इसके बाद, इन्हें कुछ मिनट के लिए ओवन में हल्का रोस्ट (भून) कर लें, जिससे इनकी खुशबू और तेल का फ्लेवर बढ़ जाता है.
पहला तरीका (निचोड़ने की विधि): भुने हुए बादामों को मिक्सी में दरदरा पीस लें और एक बाउल में निकाल लें. अब इसमें थोड़ा सा गुनगुना पानी मिलाकर हल्के हाथों से मिलाएं. चूंकि पानी और तेल आपस में नहीं मिलते, इसलिए आपको तेल की हल्की परत दिखने लगेगी. अब इस मिश्रण को सूती कपड़े में डालकर कसकर निचोड़ें. सारा शुद्ध बादाम का तेल बर्तन में बाहर आ जाएगा. इसे कुछ देर छोड़ दें ताकि बचा हुआ कचरा नीचे बैठ जाए और साफ तेल ऊपर आ जाए.
दूसरा तरीका (बटर विधि): सूखे बादामों को फूड प्रोसेसर या मिक्सी में तब तक पीसें जब तक वे बिल्कुल स्मूथ पेस्ट या बादाम के मक्खन (Almond Butter) की तरह न बन जाएं. अब इस पेस्ट को कांच के जार में भरकर 10 से 14 दिनों के लिए किसी गर्म जगह या धूप में रख दें. कुछ हफ्तों में बादाम का प्राकृतिक तेल अपने आप ऊपर तैरने लगेगा, जिसे आप आसानी से बाहर निकाल सकते हैं.
बादाम के तेल के फायदे (Benefits)-
यह स्किन को गहराई से पोषण देता है. बादाम के तेल में थोड़ी सी चीनी मिलाकर लगाने से यह एक बेहतरीन नेचुरल बॉडी और फेस स्क्रब का काम करता है, जो मृत कोशिकाओं (Dead Skin Cells) को साफ करके त्वचा को चमकदार बनाता है.जबकि यह बालों की जड़ों को मजबूत बनाता है, बालों का झड़ना रोकता है और बालों में नेचुरल चमक व नमी बनाए रखता है.
लगाने का सही तरीका (How to Apply)-
चेहरे और स्किन के लिए: कुछ बूंदें बादाम के तेल की हथेली पर लें और हल्के हाथों से चेहरे या शरीर पर गोलाई में मसाज करें. अगर स्क्रब करना है, तो तेल में थोड़ी सी चीनी मिलाकर चेहरे पर हल्के हाथों से रगड़ें और फिर ताजे पानी से धो लें.
बालों के लिए: तेल को हल्का गुनगुना करके बालों की स्कैल्प (मस्तक की त्वचा) और बालों की लंबाई पर लगाएं. उंगलियों से 5-10 मिनट तक मसाज करें और कम से कम एक घंटे या रातभर लगा रहने के बाद किसी माइल्ड शैंपू से बाल धो लें.