Last Updated:
Moong Dal Ladoo Recipe: अगर आपका कुछ मीठा खाने का मन है, लेकिन आप चीनी और गुड़ से बचना चाहते हैं, तो मूंग दाल का लड्डू एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. आइए, मूंग दाल लड्डू बनाने की आसान रेसिपी जानते हैं.
Moong Dal Ladoo Recipe: अगर आपका कुछ मीठा खाने का मन है लेकिन आप चीनी और गुड़ से बचना चाहते हैं, तो मूंग दाल का लड्डू एक बढ़िया विकल्प है. मूंग दाल को प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है और इससे बने लड्डू शाम की हल्की-फुल्की भूख मिटाने के लिए बेहतरीन स्नैक हैं. इन्हें बनाने के लिए आपको चीनी या गुड़ की जरूरत नहीं है, इनकी जगह आप खजूर या अपनी पसंद का कोई भी नैचुरल स्वीटनर इस्तेमाल कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी…
मूंग दाल के लड्डू बनाने के लिए सामग्री
1 कप धुली हुई मूंग दाल
8-10 बीज निकाली हुई खजूर
2-3 बड़े चम्मच घी
2 बड़े चम्मच बादाम या काजू
1 बड़ा चम्मच तिल
½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
1-2 बड़े चम्मच दूध या पानी
मूंग दाल के लड्डू कैसे बनाएं
- मूंग दाल के लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले, मूंग दाल को अच्छी तरह साफ़ करके धो लें और सारा पानी निकाल दें. दाल को थोड़ी देर सूखने दें. इसके बाद, एक कड़ाही गरम करें, उसमें मूंग दाल डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. दाल को तब तक भूनना जरूरी है जब तक उसका रंग हल्का सुनहरा न हो जाए और अच्छी खुशबू न आने लगे; ध्यान रखें कि दाल जले नहीं.
- भुनी हुई दाल को ठंडा होने दें, फिर मिक्सर में पीसकर बारीक पाउडर बना लें. अब, उसी कड़ाही में थोड़ा घी गरम करें, पिसी हुई मूंग दाल डालें और धीमी आंच पर कुछ मिनट तक भूनें. जब दाल से अच्छी खुशबू आने लगे, तो आंच बंद कर दें.
- इसके बाद, खजूर को छोटे टुकड़ों में काट लें और मिक्सर में पीस लें, ज़रूरत पड़ने पर आप इसमें बहुत थोड़ा सा दूध या पानी मिला सकते हैं. कटे हुए मेवे और तिल को एक अलग पैन में हल्का भून लें.
- इसके बाद, भुनी हुई मूंग दाल में खजूर का पेस्ट, मेवे, तिल और इलायची पाउडर मिलाएं और सब कुछ अच्छी तरह मिक्स कर लें. मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें. जब मिश्रण इतना ठंडा हो जाए कि उसे हाथ से छुआ जा सके, तो हाथों पर थोड़ा घी लगाएं और मिश्रण से गोल लड्डू बना लें.
सेहत और स्वाद का मेल
मूंग दाल प्रोटीन, फाइबर और कई ज़रूरी पोषक तत्वों से भरपूर होती है. खजूर से प्राकृतिक मिठास मिलती है, जबकि मेवों से हेल्दी फैट्स और अन्य पोषक तत्व मिलते हैं. हालांकि, चूंकि खजूर में प्राकृतिक शुगर होती है, इसलिए डायबिटीज वाले लोगों या किसी खास डाइट का पालन करने वालों को इसकी मात्रा का ध्यान रखना चाहिए.