Last Updated:
Avengers: Endgame Encore: सुपरहीरोज की दुनिया में एक बार फिर हलचल मच गई है. सात साल पहले रिलीज हुई MCU की इस यादगार फिल्म को मार्वल ने नए अंदाज में थिएटर्स में उतारा है. खास बात यह है कि इस बार दर्शकों को सिर्फ पुरानी कहानी देखने को नहीं मिलेगी. फिल्म में जोड़ा गया नया कंटेंट आने वाली बड़ी Avengers फिल्म से जुड़ा है और फैंस के लिए इसमें एक खास सरप्राइज भी रखा गया है.
अवेंजर्स: एंडगेम एन्कोर की एंडिंग ऐसी है, जो आने वाली ‘अवेंजर्स: डूम्सडे’ से कनेक्शन बनाता है.
नई दिल्ली. मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की सबसे ब्लॉकबस्टर और ऐतिहासिक फिल्मों में से एक ‘अवेंजर्स: एंडगेम’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट आई है. 2019 में रिलीज के लगभग सात साल बाद मार्वल स्टूडियोज ने इसे ‘अवेंजर्स: एंडगेम एन्कोर’ के नाम से 25 सितंबर को सिनेमाघरों में री-रिलीज किया है. हालांकि, इस बार फिल्म को दोबारा लाने की वजह सिर्फ पुरानी यादें ताजा करना नहीं है. इसके पीछे मार्वल का एक बहुत बड़ा और खास प्लान छुपा हुआ है.
दरअसल, मार्वल की अगली मोस्टअवेटेड फिल्म ‘अवेंजर्स: डूम्सडे’ (Avengers: Doomsday) 18 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है. इसी फिल्म की हाइप बनाने के लिए मार्वल ने ‘एंडगेम एन्कोर’ को रिलीज किया है. मार्वल ने ‘एंडगेम’ के एन्कोर वर्जन में नया फुटेज भी जोड़ा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में करीब 2 मिनट का अतिरिक्त कंटेंट है. सबसे खास बात यह है कि इसकी एंडिंग ऐसी है, जो आने वाली ‘अवेंजर्स: डूम्सडे’ से कनेक्शन बनाता है.
क्यों वापस आई ‘Avengers: Endgame’?
टुडे और फैंडैंगो को दिए इंटरव्यू में फिल्म के निर्देशक रूसो ब्रदर्स यानी एंथनी और जो रूसो ने खुलासा किया कि अगली फिल्म ‘डूम्सडे’ को सही ढंग से समझने के लिए ‘एंडगेम एन्कोर’ को देखना बेहद जरूरी है. जो रूसो के मुताबिक, ‘एंडगेम’ से लेकर ‘डूम्सडे’ के बीच एक स्वाभाविक प्रगति और जुड़ाव है, जो दर्शकों को आगामी कहानी से जोड़े रखेगा. इसके अलावा, IMAX और इनफिनिटी विजन जैसे प्रीमियम फॉर्मेट्स में फिल्म देखने वाले दर्शकों को ‘अवेंजर्स: डूम्सडे’ की कुछ एक्सक्लूसिव फुटेज का आनंद लेने का मौका भी मिल रहा है.
भारत में कई भाषाओं और फॉर्मेट्स में रिलीज
भारत में ‘अवेंजर्स: एंडगेम एन्कोर’ को इंग्लिश के साथ-साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज किया गया है. फिल्म को IMAX और इनफिनिटी विजन जैसे प्रीमियम लार्ज फॉर्मेट्स में पेश किया गया है, जहां फैंस अपनी पसंदीदा सुपरहीरो फिल्म को एक बार फिर भव्य रूप में सिनेमाघरों में जाकर देख सकते हैं.