UP News Live : लखनऊ में कार में युवती से दुष्कर्म की कोशिश; हमीरपुर में बारिश से कच्चा मकान ढहा, बुजुर्ग की मौत

UP News Live : लखनऊ में कार में युवती से दुष्कर्म की कोशिश; हमीरपुर में बारिश से कच्चा मकान ढहा, बुजुर्ग की मौत


लखनऊ में कार में युवती से दुष्कर्म की कोशिश

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म के प्रयास और विरोध करने पर हत्या की कोशिश का मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी आयुष मिश्रा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, पीड़िता प्राइवेट नौकरी के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है. करीब एक साल पहले उसकी आयुष से पहचान हुई थी. आरोप है कि आयुष ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और बाद में ब्लैकमेल करने लगा. पीड़िता को आरोपी के अन्य युवतियों से संबंधों और उसके खिलाफ दर्ज एक FIR की जानकारी हुई, जिसके बाद उसने दूरी बना ली. आरोप है कि नाराज आयुष ने एक दिन पीड़िता को जबरन कार में बैठाया और चलती कार में दुष्कर्म की कोशिश की. विरोध करने पर उसकी हत्या का प्रयास किया. इसके बाद 22 सितंबर को आरोपी ने पीड़िता की फोटो और वीडियो उसके मंगेतर को भेज दी. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

बांदा: झाड़-फूंक के नाम पर नाबालिग से गलत हरकत, तांत्रिक गिरफ्तार

बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक के नाम पर नाबालिग के साथ गलत हरकत करने के आरोप में पुलिस ने तांत्रिक को गिरफ्तार किया है. पीड़ित नाबालिग की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को पवई बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

हमीरपुर में बारिश से कच्चा मकान ढहा, मलबे में दबकर बुजुर्ग की मौत

हमीरपुर के कुरारा थाना क्षेत्र के सिकरोड़ी गांव में भारी बारिश के चलते कच्चा मकान भरभराकर गिर गया. हादसे में करीब 65 वर्षीय राम प्रकाश मलबे में दब गए. हादसे के वक्त वह घर में अकेले सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं. सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उन्हें मलबे से बाहर निकाला और गंभीर हालत में कुरारा CHC पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

लखनऊ: युवती को अगवा करने का आरोप, दानिश के खिलाफ FIR; तलाश में जुटी पुलिस

लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में एक युवती को दूसरे धर्म के युवक द्वारा अगवा करने का आरोप लगा है. युवती के परिजनों के साथ विहिप और बजरंग दल के लोग थाने पहुंचे, जिसके बाद आरोपी दानिश के खिलाफ FIR दर्ज की गई. दुबग्गा पुलिस आरोपी युवक और युवती की तलाश में जुटी है. मामले में पुलिस जांच कर रही है.

आगरा में देर रात पुलिस की मॉकड्रिल, सड़कों पर उतरे अधिकारी; सर्राफा बाजार पर खास नजर

आगरा में CP दीपक कुमार के निर्देश पर देर रात पुलिस ने मॉकड्रिल की. सिटी जोन के सभी चौकी इंचार्ज समेत पुलिस अधिकारी इसमें शामिल हुए. मॉकड्रिल के दौरान किसी घटना पर पुलिस का रिस्पांस टाइम चेक किया गया और दुकानों के बाहर लगे CCTV कैमरों की भी जांच की गई. सर्राफा दुकानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए. त्योहारों के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए. सूरसदन से दीवानी चौराहे तक पुलिस ने मार्च किया. मॉकड्रिल को ACP हरिपर्वत ने लीड किया.

आगरा: देर रात मॉडल शॉप में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

आगरा के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के रामबाग स्थित मॉडल शॉप में देर रात अचानक भीषण आग लग गई. आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती तौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हादसे में नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

गाजीपुर: आज दौरे पर रहेंगे डिप्टी CM ब्रजेश पाठक, स्वास्थ्य शिविर का करेंगे शुभारंभ

गाजीपुर में आज डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक दौरे पर रहेंगे. वह लंका मैदान में आयोजित तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ करेंगे. सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में लोगों का इलाज किया जाएगा. इसके बाद डिप्टी सीएम विश्वामित्र राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचेंगे, जहां अमृत फार्मेसी और CT स्कैन मशीन का उद्घाटन करेंगे.



Source link