Madhya Pradesh 26 September Weather Forecast: मध्य प्रदेश में सितंबर के आखिरी हफ्ते में मानसून के तेवर फिर से तीखे हो गए हैं. बताया जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी से उठे डिप्रेशन और एक नए पश्चिमी विक्षोभ ने मिलकर मध्य प्रदेश में बारिश का दौर फिर से सक्रिय कर दिया है. पिछले 24 घंटों के दौरान रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों में झमाझम बारिश दर्ज की गई. सतना जिले के अमरपाटन में सर्वाधिक 68 मिमी बारिश हुई, जबकि मानपुर में 54.8 मिमी में वर्षा रिकॉर्ड की गई. अब 26 सितंबर को भी प्रदेश के 13 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा कई जिलों में मौसम साफ भी रहने की उम्मीद है.
इन जिलों में होगी भारी बारिश
भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सतना, कटनी, मैहर, रीवा, मऊगंज और सीधी में अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है. 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
मुरैना, ग्वालियर, सागर, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सिंगरौली में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा यहां पर झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं.
इन जिलों में बिल्कुल साफ रहेगा मौसम
दूसरी तरफ नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, शाजापुर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर में मौसम साफ रहेगा. लेकिन आसमान में बादल छाए रहेंगे. श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, भोपाल, रायसेन, सिहोर, शाजापुर, राजगढ़, देवास, हरदा, बैतूल जिलों में हल्की बूंदा-बांदी हो सकती है.
फ्लैश फ्लड का बना खतरा
लगातार हो रही बारिश और दक्षिण छत्तीसगढ़ से सटते दबाव तंत्र को देखते हुए ‘फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल’ ने चेतावनी जारी की है. बालाघाट, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, शहडोल, उमरिया, जबलपुर, कटनी, मैहर और सतना के निचले इलाकों में अचानक बाढ़ (Flash Flood) का जोखिम बना हुआ है.
बारिश के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. रीवा और शहडोल में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम रहा. प्रदेश में सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 19°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि बड़वानी के तालुन में अधिकतम तापमान 35.5°C दर्ज हुआ.
कैसा रहेगा भोपाल का हाल
राजधानी भोपाल में आसमान मुख्यतः बादल छाए रहने की संभावना है. शहर में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 16-18 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. भोपाल का अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 21°C के आसपास रहने की उम्मीद है.
मौसम विभाग ने लोगों से की अपील
मौसम विभाग की तरफ से अपील की गई है कि निचले इलाकों, रपटों और जलमग्न पुलों को पार करने से बचें. गरज-चमक और बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों या कच्चे ढांचों के नीचे शरण न लें. किसान भाई फसलों और कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थानों पर रखें. सिंचाई और उर्वरक के छिड़काव को फिलहाल टालें.