Last Updated:
Chhattisgarh Schools Closed: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण बीते 48 घंटों से लगातार भारी बारिश हो रही है. बस्तर संभाग समेत कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है. गरियाबंद और सुकमा में बाढ़ से हालात गंभीर बने हुए हैं.
गरियाबंद में फिंगेश्वर के पास सरगी नाला उफान पर है और पानी पुल के ऊपर से बह रहा है.
Raipur News: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से छत्तीसगढ़ में बीते 48 घंटों से अधिक समय से लगातार भारी बारिश हो रही है. बारिश की वजह से आम जनजीवन पूरी तरह बेहाल हो चुका है. राज्य के कई हिस्सों में नदियां और नाले उफान पर हैं.
बस्तर संभाग में बारिश का सबसे ज्यादा असर
तूफान का सबसे अधिक प्रभाव बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर जिलों में देखा जा रहा है. इन इलाकों में मूसलाधार बारिश के कारण नदियां-नाले उफान पर हैं और कई जगहों पर संपर्क टूट गया है.
26 सितंबर को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित
भारी बारिश और छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त स्कूलों में 26 सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोपरि है. मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को घर पर ही रखें, सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा करने से बचें.
छत्तीसगढ़ में हो रही भारी बारिश को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा सर्वोपरि रखते हुए कल (26 सितंबर) को सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
अभिभावक बच्चों को घर पर ही रखें। सभी से अनुरोध है कि सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।