Last Updated:
Ram Mandir Daan Chori News: राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में पुलिस की चार्जशीट फाइल हो गई है. पुलिस ने 8 आरोपियों के खिलाफ अदालत में पेश करने के लिए सीसीटीवी, डिजिटल चैट और बैंकिंग सबूत इकट्ठा कर लिए हैं. दान गणना कक्ष के कैमरों में आरोपी दर्जनों बार नोटों के बंडल चुराते और छिपाते कैद हुए हैं. पुलिस जांच में दावा किया गया है कि राम मंदिर से चुराई गई पैसों से आरोपियों ने जमीन, आलीशान मकान और कारें खरीदीं.
राम मंदिर दान चोरी मामले में पुलिस ने चार्जशीट फाइल कर दी है.
Ayodhya Police Chargesheet on Ram Mandir: राम मंदिर दान चोरी मामले में अयोध्या पुलिस शुक्रवार को चार्जशीट फाइल कर दी है. इसमें बताया गया है कि मंदिर के दान पात्र और कैश काउंटिंग रूम से चढ़ावे की रकम पार करने वाले 8 आरोपियों के खिलाफ पुख्ता डिजिटल, परिस्थितिजन्य और फॉरेंसिक सबूत के आधार पर चार्जशीट फाइल किया गया है. पुलिस ने ये बताया है कि जांच में ये पाया गया है कि इन्होंने दान चोरी के पैसों जमकर संपत्ति बनाई है. पुलिस ने सीसीटीवी को लेकर चार्जशीट में लिखा कि आरोपी सैकड़ों बार दान चोरी करते हुए कैमरे में कैद हुए.
पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, कैश काउंटिंग रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों की करतूत को रिकॉर्ड है. फुटेज विश्लेषण में सामने आया कि आरोपी अविनाश शुक्ला अकेले 85 बार चढ़ावे की रकम हटाते हुए साफ देखा गया. वहीं, करुणेश पांडेय 2 बार खुद रकम हटाते और 68 बार अन्य आरोपियों को चोरी में सहयोग करते दिखा. इसके अलावा, मनीष यादव ने 16 बार रकम हटाई और 19 बार मदद की. लवकुश मिश्रा 1 बार रकम हटाते और 52 बार सहयोग करते, जबकि अनुकल्प मिश्रा 56 बार सह-अभियुक्तों की मदद करते हुए कैमरे में कैद हुआ. रमाशंकर मिश्रा को भी 1 बार रकम गायब करते देखा गया.
चोरी की रकम से खरीदी जमीन, मकान और लग्जरी गाड़ियां
जांच में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि आस्था के नाम पर चुराए गए इन पैसों से आरोपियों ने अपनी निजी संपत्ति खड़ी कर ली. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लाखों रुपये की भारतीय मुद्रा, अमेरिकी डॉलर और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, लवकुश मिश्रा ने चोरी के पैसों से जमीन और मकान खरीदने में लगभग 43.43 लाख रुपये खर्च किए. वहीं, आरोपी अनुकल्प के पिता के लिए खरीदे गए मकान में भी इसी अपराध की काली कमाई का इस्तेमाल किया गया. आरोपियों के विभिन्न बैंक खातों की पड़ताल में लाखों रुपये कैश जमा होने की पुष्टि हुई है.
चंपत राय का बयान और बाथरूम से बरामदगी
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अपने आधिकारिक बयान में 4 जून की उस घटना का विशेष उल्लेख किया है, जब गिनती के दौरान संदेह होने पर जांच की गई और बाथरूम से भारी नकदी बरामद हुई थी. पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल चैट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) खंगाले हैं, जिससे यह साबित हुआ कि सभी आरोपी लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे और योजनाबद्ध तरीके से इस काम को अंजाम दे रहे थे.