Last Updated:
घर पर उगाई जाने वाली सब्जियों और पौधों के लिए जैविक खाद ही सबसे सुरक्षित है. पूसा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ आरएस बाना के अनुसार किचन वेस्ट और सूखी पत्तियों से आसानी से खाद बनाई जा सकती है. यह फसलों की गुणवत्ता और मानव सेहत दोनों के लिए फायदेमंद है. केमिकल का तुरंत इस्तेमाल सेहत को नुकसान पहुंचाता है.
नई दिल्ली: बाजार में जैसे-जैसे मिलावटी सब्जियों, फल और दूध के प्रोडक्ट के मामले सामने आ रहे हैं, वैसे-वैसे लोगों में जागरूकता भी बढ़ रही है. यही वजह है कि अब लोग अपने घर की छत, बालकनी या फिर गार्डन में कम मात्रा में ही सही लेकिन सब्जियां और फल उगा रहे हैं. हालांकि उसमें कौन सा खाद डालना है इसकी जानकारी कई लोगों को कम होती है. कई बार घर की छत, बालकनी और गार्डन में उगने वाली सब्जियों में भी लोग पेस्टिसाइड यानी केमिकल डाल देते हैं और अगले दिन ही उसे तोड़ लेते हैं. क्या ऐसा करना सही है या गलत?
यही जानने के लिए जब भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ.आरएस बाना से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जैविक खाद को लोगों को बढ़ावा देना चाहिए. जैविक खाद को भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान भी काफी बढ़ावा दे रहा है, क्योंकि जैविक खाद फसलों की गुणवत्ता को तो अच्छा करते ही है साथ में मानव सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होते हैं. जैविक खाद को आप घर में भी बना सकते हैं या फिर भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान से जैविक खाद आप खरीद भी सकते हैं. यहां पर सरकारी दरों पर जैविक खाद मिलती है.
केमिकल स्प्रे के बाद तुरंत ना तोड़े सब्जी
वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आरएस बाना ने बताया कि अगर आप अपने घर में छत, बालकनी या फिर गार्डन में सब्जियां लगा रहे हैं या सब्जियां उगा रहे हैं और पैदावार अच्छी हो रही है या पैदावार कम भी हो रही है तो भी आपको हमेशा जैविक खाद का ही इस्तेमाल करना चाहिए. जैविक खाद आप अपने घर के किचन से जो वेस्ट निकलता है जैसे फलों का या सब्जियों के छिलके होते हैं उन सबसे आप जैविक खाद घर बैठे बना सकते हैं. पौधों से जो पत्तियां गिरती है आप उससे भी जैविक खाद बना सकते हैं, लेकिन हमेशा याद रखें जैविक खाद का ही इस्तेमाल घरों की सब्जियों पर करें.
खास तौर पर किचन से जो वेस्ट निकलता है उसे खाद बनाकर अपनी बालकनी, गार्डन और छत पर जो सब्जियां उगाते हैं उसमें उसका इस्तेमाल करें. अगर आप केमिकल का इस्तेमाल करते आ रहे हैं और आज भी केमिकल का इस्तेमाल कर रहे हैं तो शाम को उसका स्प्रे के बाद अगले दिन सब्जियां ना तोड़े. ऐसा करना आपकी सेहत के लिए बेहद हानिकारक हो सकता है. स्प्रे करने के कुछ दिन बाद ही सब्जियों को आप तोड़े.
कई प्रकार के होते हैं जैविक खाद
वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ.आरएस बाना ने बताया कि जैविक खाद कई प्रकार के होते हैं जैसे गोबर के जैविक खाद भी होते हैं. कुछ पत्तियों के जैविक खाद होते हैं. कुछ किचन वेस्ट के खाद होते हैं. पूसा जोकि भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान है यहां से अगर कोई जैविक खाद खरीदना चाहता है तो उसे अच्छी गुणवत्ता की सरकारी दरों पर जैविक खाद मिल जाएगी और यहां पर कई वैराइटी भी जैविक खाद की मिलेगी. खास बात यह है कि अगर आपके घर के आस-पास कोई भी सरकारी सेंटर है जहां पर खाद मिलती है, वहां से भी अच्छी गुणवत्ता वाली जांच करके जैविक खाद को खरीदें और हमेशा जैविक खाद का इस्तेमाल अपने फलों और घरों की सब्जियों पर करें.
इनडोर प्लांट में भी डालें जैविक खाद
उन्होंने बताया कि सर्दियों में प्रदूषण बढ़ जाता है, जिस वजह से लोग अपने घरों में इनडोर प्लांट लगाते हैं. अगर आप भी ऐसा करते हैं जैसे इनडोर प्लांट के जरिए घर की हवा को शुद्ध करते हैं तो उसमें भी हमेशा जैविक खाद का ही इस्तेमाल करें. ऐसा करने से आपके सारे पौधे अच्छे से विकसित होंगे. वातावरण को भी शुद्ध रखेंगे और लंबे वक्त तक चलेंगे भी.