Last Updated:
Bihar Aaj Ka Mausam: बिहार में आज भी बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग ने पटना समेत 19 जिलों में अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में मेघ गर्जन और आंधी-पानी की संभावना है. वहीं नेपाल और सुपौल में भारी बारिश से कोसी बराज पर भी हाई अलर्ट घोषित किया गया है.
बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
पटनाः बिहार में एक बार फिर से झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग ने आज राज्य के 19 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भारी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक राज्य में बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है.
इन 19 जिलों में जारी हुआ अलर्ट
- मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की है, उनमें पटना, नालंदा, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय शामिल हैं. इसके अलावा पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद और जहानाबाद में भी अलर्ट है. इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. बाकी बचे जिलों में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं.
बिहार वेदर अपडेट
कोसी बराज पर हाई अलर्ट जारी
- नेपाल और सुपौल के कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कोसी बराज पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है. प्रशासन की ओर से माइकिंग करवाकर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को लगातार सावधान किया जा रहा है.
बारिश से हुआ बड़ा नुकसान
- बीते 24 घंटे से पटना समेत 11 जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है. इस बारिश की वजह से कई जगहों पर हादसे भी हुए हैं. समस्तीपुर में एक पेड़ गिरने से 2 छात्राओं की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं बांका जिले में एक कच्ची दीवार गिरने से एक महिला की जान चली गई. पटना के पंडारक इलाके में एनएच-31 पर इमली का बड़ा पेड़ गिर गया. इससे सड़क पर काफी देर तक लंबा जाम लगा रहा.
बारिश के पीछे कई मौसमी सिस्टम सक्रिय
- मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, एक साथ कई मौसमी सिस्टम एक्टिव होने से बिहार में नमी बढ़ गई है. दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो गई है. इसके साथ ही आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके में बना डीप डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है. ऊपरी वायुमंडल में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी मौजूद है. इन सभी कारणों से हवा में अस्थिरता बनी हुई है और तेज बारिश हो रही है. बिहार से मानसून की पूरी तरह विदाई में अभी कुछ समय लगेगा.
पटना का मौसम और तापमान का हाल
- राजधानी पटना में आज भी बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर बारिश होती रहेगी. इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी. हालांकि बारिश थमने के बाद उमस फिर से बढ़ सकती है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद पारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है.
राज्य में अब तक 36% कम हुई बारिश
- इस मानसून सीजन में बिहार में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश हुई है. आंकड़ों के मुताबिक 24 सितंबर तक राज्य में 949.4 मिमी बारिश होनी चाहिए थी. लेकिन केवल 612 मिमी बारिश ही दर्ज की गई है. इस तरह पूरे राज्य में सामान्य से 36% कम बारिश हुई है. पिछले 24 घंटे में खगड़िया में सबसे ज्यादा 74 मिमी, कटिहार में 67 मिमी और पटना में 62 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.