आज संभलकर निकलें बाहर! रीवा-सतना समेत इन जिलों में कहर मचाएगी बारिश, मध्य प्रदेश के मौसम की ताजा रिपोर्ट

आज संभलकर निकलें बाहर! रीवा-सतना समेत इन जिलों में कहर मचाएगी बारिश, मध्य प्रदेश के मौसम की ताजा रिपोर्ट


जबलपुर. सितंबर माह खत्म होने को है लेकिन मध्य प्रदेश में बारिश का सिलसिला नहीं थम रहा. जैसा कि मानसून की विदाई से पहले एक दौर की बारिश का अनुमान जताया गया था, जो अब दिखाई दे रहा है. गुरुवार को कई जिलों में भारी बारिश के आसार जताए गए और जमकर बारिश हुई भी. आज (25 सितंबर 2026, दिन शुक्रवार) ज्यादातर मध्य-पूर्वी जिलों में मानसूनी गतिविधियां देखने को मिलेंगी. कई जिलों में अति तीव्र वर्षा की संभावना है, तो कहीं भारी बारिश जनजीवन अस्त-व्यस्त करेगी. निचले इलाकों में जलभराव की समस्या से लोगों की परेशानी बढ़ेगी. नदी-नाले उफान पर रहेंगे, लिहाजा संभावित दूरी बनाए रखें. आज 13 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. शेष जिलों के लिए येलो अलर्ट है. अगले 2-3 दिनों में बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है.

भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में नया मौसमी सिस्टम एक बार फिर सूबे में मानसूनी गतिविधियां बढ़ा रहा है. आज मध्य-पूर्वी जिलों में इसका खासा असर देखने को मिलेगा. रीवा, उमरिया, सतना, मंडला, बालाघाट, सिवनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, दमोह, पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां गरज-चमक के साथ अति भारी बारिश होने की संभावना बन रही है. इन सभी जिलों में 115.6 मिमी से लेकर 204.4 मिमी तक वर्षा दर्ज की जा सकती है. अति तीव्र वर्षा के चलते निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है. नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है. IMD ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. प्रभावित जिले वासियों को अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी गई है.

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज सीधी, मऊगंज, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, भिंड, दतिया, निवाड़ी, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल और पांढुर्णा में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट है. यहां 64.5 मिमी से लेकर 115.5 मिमी तक वर्षा दर्ज की जा सकती है. आज प्रदेश के लगभग सभी जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा भी चलेगी. इस दौरान खुले में, टिन शेड, हल्की नुकीली या धारदार वस्तुओं आदि के आसपास न खड़े हों.

राजधानी भोपाल में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में आज मौसम लगभग शुष्क रहेगा. कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. भोपाल में दिन के समय बादल छा सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना नहीं बन रही है. वहीं इंदौर, उज्जैन, धार समेत अन्य पश्चिमी जिलों में बिजली कड़कने के साथ झोंकेदार हवा चलने का अनुमान जताया गया है.

आम नागरिकों के लिए सलाह
1. गरज-चमक के दौरान घर में रहें. किसी कारणवश बाहर जाना पड़े, तो पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें.
2. बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें.
3. आंधी-तूफान के दौरान खुले मैदानों और खेतों में काम करने से बचें. पेड़ों, बिजली की तारों और निर्माण स्थलों से दूर रहें.
4. वाहन चलाते समय स्पीड हल्की रखें और स्टीयरिंग पर मजबूत पकड़ बनाए रखें.
5. कंक्रीट की दीवारों का सहारा लेने या फिर कंक्रीट फर्श पर लेटने से बचें.

पशुपालकों के लिए सलाह
1. पशुओं को खुले मैदान, तालाब, नदी या जल स्रोतों के पास न छोड़ें.
2. रात के समय सभी पशुओं को सुरक्षित और संरक्षित शेड में रखें.
3. दोपहर के समय ज्यादा गर्मी में पशुओं को खुली चराई के लिए न छोड़ें.
4. पशुओं के लिए पर्याप्त पेयजल और छायादार स्थान की व्यवस्था करें.
5. आकाशीय बिजली गिरने और तूफान के दौरान पशुओं को पेड़ों के नीचे न बांधें.



Source link