धोनी के रिकॉर्ड पर हरमनप्रीत का हथौड़ा, जापान में बना डाला वर्ल्ड रिकॉर्ड
Last Updated:
harman beats dhoni record: जापान में चल रहे एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को फाइनल में हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया और इसी के साथ हरमनप्रीत ने बतौर कप्तान ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया, जो पुरुष और महिला क्रिकेट दोनों में अब तक किसी कप्तान के नाम नहीं था. हरमनप्रीत टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा फाइनल जीतने वाली कप्तान बन गई हैं. इस मामले में उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया है.
हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी में बनाया विश्व कीर्तिमान.
नई दिल्ली. दुनिया भर में हजारो तरह के स्पोर्ट्स खेला जाता है और वो अगर टीम गेम है तो उसमें एक कप्तान भी होता है जिसका अपना एक रुतबा होता है पर जो पावर और रसूख क्रिकेट के कप्तान के पास होता है वो किसी अन्य खेलो के कप्तान के पास नहीं होता इसीलिए हार हो या जीत उसमें कप्तान का नाम अपने आप जुड़ जाता है. टीम चुनने से लेकर ट्राफी जीतने तक में कप्तान का रोल बहुत अहम हो जाता है. कुछ ऐसा ही किरदार सालों से निभा रहीं है भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत और तोड़ती जा रही है रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड.
बतौर कप्तान ट्रॉफी जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए खास उपलब्धि होती है, लेकिन हरमनप्रीत कौर ने अब इस उपलब्धि को एक अलग ही मुकाम पर पहुंचा दिया है. जापान में चल रहे एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को फाइनल में हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया और इसी के साथ हरमनप्रीत ने बतौर कप्तान ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया, जो पुरुष और महिला क्रिकेट दोनों में अब तक किसी कप्तान के नाम नहीं था. हरमनप्रीत टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा फाइनल जीतने वाली कप्तान बन गई हैं. इस मामले में उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया है.
हरमनप्रीत ने धोनी के रिकॉर्ड पर चलाया हथौड़ा
बड़े बड़े शॉट्स खेलने वाली भारतीय कप्तान की श्रीलंका के खिलाफ एशियन गेम्स के फाइनल में जीत कई रिकॉर्ड बना गई. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टी20 क्रिकेट का 8वां फाइनल जीत थी. इसके साथ ही उन्होंने एमएस धोनी के 7 टी20 फाइनल जीतने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. खास बात यह है कि धोनी ने पुरुष क्रिकेट में भारत और आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते हुए यह उपलब्धि हासिल की थी, जबकि हरमनप्रीत ने महिला क्रिकेट में भारत की कप्तान के रूप में यह रिकॉर्ड अपने नाम किया. हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय टीम ने अलग-अलग बड़े टूर्नामेंट में फाइनल मुकाबले जीते हैं. अब एशियन गेम्स का गोल्ड भी इस शानदार सूची में जुड़ गया है. यही वजह है कि श्रीलंका के खिलाफ मिली जीत सिर्फ एक और गोल्ड मेडल नहीं, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट की कप्तान के व्यक्तिगत रिकॉर्ड के लिहाज से भी बेहद खास बन गई
एशियन गेम्स में दूसरा गोल्ड
हरमन की अगुआई में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता है. इससे पहले हांगझोउ एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया था. अब जापान में भी टीम ने खिताब बचाने में कामयाबी हासिल की. फाइनल में श्रीलंका की टीम के खिलाफ भारत ने दबाव वाले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया. टूर्नामेंट के सबसे बड़े मुकाबले में जीत हासिल करते हुए भारतीय टीम ने एक बार फिर साबित किया कि बड़े मंच पर उसका प्रदर्शन कितना मजबूत है.
हरमनप्रीत ने धोनी को पीछे छोड़ा
एमएस धोनी को टी20 क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता है. उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 में टी20 वर्ल्ड कप जीता था, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स को भी उन्होंने कई बार आईपीएल खिताब दिलाया. टी20 फाइनल में उनकी सफलता लंबे समय तक एक बड़ा आंकड़ा रही. अब हरमनप्रीत ने 8 फाइनल जीत के साथ धोनी को पीछे छोड़ दिया है. यह रिकॉर्ड इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें पुरुष और महिला क्रिकेट दोनों को शामिल किया गया है. यानी अब टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा फाइनल जीतने वाली कप्तान का रिकॉर्ड हरमनप्रीत कौर के नाम दर्ज हो गया है.
कप्तानी में लगातार बढ़ता कद
हरमनप्रीत कौर लंबे समय से भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे अहम खिलाड़ियों में शामिल रही हैं. बल्लेबाजी के साथ-साथ कप्तानी की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने टीम को कई बड़े टूर्नामेंटों में आगे बढ़ाया है. एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार गोल्ड जीतना और उसी फाइनल के साथ यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करना उनके कप्तानी करियर की बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो गया है. भारतीय महिला क्रिकेट के लिए भी यह जीत कई मायनों में खास है. टीम ने न सिर्फ अपना एशियन गेम्स का खिताब बरकरार रखा, बल्कि हरमनप्रीत की कप्तानी में एक ऐसा रिकॉर्ड भी बना दिया, जिसकी चर्चा लंबे समय तक होती रहेगी. धोनी का रिकॉर्ड तोड़कर हरमनप्रीत ने यह साफ कर दिया है कि टी20 क्रिकेट में फाइनल जीतने के मामले में अब सबसे आगे भारतीय महिला टीम की कप्तान का नाम दर्ज हो चुका है.