Apologizing To Kids Benefits: घर में बड़े होने के नाते अक्सर हमें लगता है कि बच्चों के सामने हर बात में सही दिखना जरूरी है. काम का स्ट्रेस, थकान या जल्दबाजी में कभी हम ऊंची आवाज में बोल जाते हैं, कभी कोई वादा पूरा नहीं कर पाते और कभी बिना पूरी बात सुने ही फैसला सुना देते हैं. ज्यादातर घरों में यही माना जाता है कि “बड़ों से सॉरी बोला तो बच्चे सिर चढ़ जाएंगे” या फिर “हमारी इज्जत कम हो जाएगी.” लेकिन सच तो यह है कि जब माता-पिता अपनी गलती को सहजता से स्वीकार करते हैं, तो यह बच्चों को कमजोर नहीं बनाती, बल्कि उन्हें जीवन की सबसे बड़ी और काम की सीख देती है.
गलती स्वीकार कमजोरी नहीं-
जब बच्चे देखते हैं कि मम्मी या पापा भी इंसान हैं और उनसे भी चूक हो सकती है, तो उनके मन से परफेक्शन का बेवजह का बोझ हट जाता है. कई बच्चे गलती होने पर डर जाते हैं, झूठ का सहारा लेते हैं या खुद को कोसने लगते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि गलती करना कोई बड़ा अपराध है. जब घर में गलती मानने का माहौल होता है, तो बच्चा समझता है कि गलती होना जिंदगी का हिस्सा है-असली बात यह है कि हम उसे सुधारते कैसे हैं.
उन्हें लगता है कि गलती करना कोई बड़ा अपराध है.
भावनाओं को समझने और सम्मान देने की आदत-
जब हम अपनी गलती के लिए “सॉरी” कहते हैं, तो हम यह भी स्वीकार कर रहे होते हैं कि हमारी किसी बात या व्यवहार से सामने वाले को बुरा लगा है. इससे बच्चे को अपनी भावनाओं को पहचानने और दूसरों की भावनाओं का सम्मान करने की सीख मिलती है. आगे चलकर यही बच्चा एक संवेदनशील इंसान, अच्छा दोस्त और समझदार पार्टनर बनता है, जो रिश्तों में अकड़ के बजाय बातचीत और समझ को महत्व देता है.
बच्चे वही सीखते हैं जो वे घर में होते हुए देखते हैं, न कि सिर्फ वही जो उन्हें सिखाया जाता है. अगर माता-पिता अपनी चूक पर बहाने बनाने के बजाय सीधे कहते हैं, “मुझसे गुस्से में गलत बोला गया, इसके लिए सॉरी,” तो बच्चे भी अपनी गलतियों की जिम्मेदारी लेना सीखते हैं.
पैरेंटिंग और मनोविज्ञान से जुड़े एक लेख में रोबिचॉड और कैरीना शूमैन के हवाले से इस पहलू को लेकर कहा गया है कि-
“जब माता-पिता अपने बच्चों से माफी मांगते हैं, तो उन्हें यह महसूस होता है कि ठेस पहुंचने के बाद भी उनकी भावनाओं को समझा और स्वीकारा जा रहा है. जब बड़े अपनी गलती मानते हैं, तो बच्चे और किशोर भी आगे चलकर अपनी गलतियों पर माफी मांगने में ज्यादा सहज होते हैं, क्योंकि वे बड़ों के इसी व्यवहार से सीखते हैं.”
इससे बच्चे दूसरों पर दोष मढ़ने या बहाने गढ़ने के बजाय स्थिति को संभालने का तरीका अपनाते हैं.
माता-पिता और बच्चे के बीच बढ़ता है भरोसा-
एक आम गलतफहमी यह है कि गलती मानने से बच्चों के मन में बड़ों का सम्मान कम हो जाता है. असलियत बिल्कुल उलटी है. जब माता-पिता बिना किसी अहंकार के अपनी गलती मानते हैं, तो बच्चों का उन पर भरोसा और गहरा होता है. बच्चे को यह विश्वास मिलता है कि उसके मम्मी-पापा न्यायप्रिय और सच्चे हैं, इसलिए बड़े होने पर भी वह अपनी परेशानियां या गलतियां खुलकर उनसे शेयर कर पाता है.
पैरेंटिंग के लिए क्यों जरूरी है यह आदत?
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बच्चों और माता-पिता के बीच संवाद की दूरी तेजी से बढ़ रही है. ऐसे में गलती मानने की आदत दोनों के बीच भावनात्मक पुल का काम करती है. यह पैरेंटिंग को ‘हुक्म चलाने’ के बजाय ‘साथ चलने और सीखने’ की प्रक्रिया बनाती है. साथ ही, इससे घर का माहौल भी हल्का और स्वस्थ रहता है—न तो बड़ों के मन में अपराधबोध दबता है और न ही बच्चों के मन में डर या नाराजगी.
इसे अपनाने का आसान तरीका क्या है?
हर बार लंबी सफाई देने की जरूरत नहीं है. बस इतना कहना काफी होता है, “आज मैं थोड़ा परेशान था, इसलिए तुम पर चिल्ला पड़ा, यह ठीक नहीं था.” या “मैंने जो वादा किया था, मैं वह निभा नहीं पाया, अगली बार पूरा ध्यान रखूंगा.” इतनी-सी ईमानदारी घर के रिश्तों में नई गर्माहट भर देती है.
कुल मिलाकर, जिस घर में माता-पिता अपनी गलती मानते हैं, वहां बच्चे सिर्फ ‘सॉरी’ कहना नहीं सीखते, बल्कि सच्चाई, विनम्रता और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना सीखते हैं. परफेक्ट माता-पिता होने से कहीं ज्यादा जरूरी है; एक सच्चा और समझने वाला माता-पिता होना.