नैनीताल. उत्तराखंड की पहचान अब तक पर्यटन, खूबसूरत पहाड़ियों और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए रही है, लेकिन आने वाले समय में यह राज्य मेडिकल टूरिज्म यानी हॉस्पिटल टूरिज्म के क्षेत्र में भी नई पहचान बना सकता है. ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर विकसित होने से कुमाऊं क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद जगी है. इसी के साथ सरोवर नगरी नैनीताल को भी मेडिकल टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग तेज होने लगी है. स्थानीय लोगों और कारोबारियों का मानना है कि नैनीताल में मेडिकल टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं. यहां पहले से ही भवाली का सेनेटोरियम अस्पताल और नैनीताल का ऐतिहासिक रैमसे अस्पताल मौजूद हैं. बीडी पांडे अस्पताल भी शहर की प्रमुख स्वास्थ्य सुविधाओं में शामिल है. यदि इन संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं, विशेषज्ञ डॉक्टरों और बेहतर उपचार व्यवस्थाओं से लैस किया जाए तो नैनीताल इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की पसंद बन सकता है.
वेलनेस टूरिज्म से नई उम्मीद
किच्छा के खुरपिया फार्म क्षेत्र में एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर विकसित किया जा रहा है. इसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में बताया जा रहा है. इसके शुरू होने से कुमाऊं के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है. अब तक गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए कई मरीजों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है. ऐसे में कुमाऊं में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ रोजगार और पर्यटन के नए अवसर भी पैदा कर सकता है. इसी कड़ी में नैनीताल को मेडिकल और वेलनेस टूरिज्म के केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं.
भवाली सेनेटोरियम को दोबारा शुरू करने की मांग
नैनीताल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट का कहना है कि पिछले साल केंद्रीय बजट में मेडिकल टूरिज्म को लेकर कुछ प्रावधान सामने आए थे. इससे उम्मीद जगी थी कि उत्तराखंड को भी इसका बड़ा लाभ मिल सकता है. उनका कहना है कि राज्य में मेडिकल टूरिज्म के साथ वेलनेस सेंटर विकसित करने की अपार संभावनाएं हैं. नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जैसे जिलों का प्राकृतिक वातावरण वेलनेस सेंटर के लिए अनुकूल हो सकता है. सरकार यदि इन क्षेत्रों में आधुनिक वेलनेस सेंटर विकसित करती है तो इससे स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
दिग्विजय सिंह बिष्ट के अनुसार, भवाली सेनेटोरियम ऐसी ही एक जगह है, जहां प्रदूषण मुक्त वातावरण उपलब्ध है. इसे दोबारा शुरू करने और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से विकसित करने की जरूरत है. उनका कहना है कि नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में अस्पतालों और वेलनेस सेंटरों का विस्तार होने से मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा. स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आने वाले लोगों के कारण होटल, होमस्टे और स्थानीय कारोबार को भी फायदा होगा. मेडिकल टूरिज्म को सफल बनाने के लिए बेहतर सड़क और राष्ट्रीय राजमार्गों की कनेक्टिविटी जरूरी है. इससे मरीजों के आवागमन में आसानी होगी और पहाड़ी क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच भी बेहतर हो सकेगी.
जमीन का हो बेहतर इस्तेमाल
मां नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन का कहना है कि किच्छा में एम्स का सैटेलाइट सेंटर विकसित होना काबिलेतारीफ कदम है. हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में अभी भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है. नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में भी ऐसी आधुनिक चिकित्सा इकाइयां विकसित करने की जरूरत है, जिनसे स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर इलाज मिल सके. नैनीताल के पास रैमसे अस्पताल, भवाली सेनेटोरियम और बीडी पांडे अस्पताल की कुछ जमीन जैसे संसाधन मौजूद हैं. इनका बेहतर इस्तेमाल करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में संयुक्त रूप से पहल की जानी चाहिए. पुनीत टंडन के मुताबिक, केंद्रीय बजट में वेलनेस सेंटरों को लेकर जो उम्मीदें जगी थीं, उन्हें अभी धरातल पर उतरते हुए नहीं देखा जा रहा है. सरकार को छोटे स्तर पर भी वेलनेस सेंटर विकसित करने के लिए काम करना चाहिए, इससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिल सकता है.
इन लोगों की भी चांदी
नैनीताल में मेडिकल टूरिज्म विकसित होने से इसका लाभ केवल स्वास्थ्य क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा. इलाज के लिए आने वाले मरीजों के साथ उनके परिजन भी यहां ठहरेंगे. इससे होटल, होमस्टे, रेस्टोरेंट, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबार को नया बाजार मिल सकता है. वेलनेस सेंटरों के माध्यम से योग, प्राकृतिक चिकित्सा और स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं को भी बढ़ावा दिया जा सकता है. हालांकि, इसके लिए पुराने अस्पतालों का पुनरुद्धार, आधुनिक उपकरण, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, बेहतर सड़क संपर्क और मरीजों के ठहरने की सुविधाएं विकसित करना जरूरी होगा.