Gold Silver Price Prediction: सोना 1 लाख रुपये के नीचे जाएगा या थमेगी गिरावट? एक्सपर्ट ने बताया कहां तक लुढ़केगा गोल्ड-सिल्वर का रेट

Gold Silver Price Prediction: सोना 1 लाख रुपये के नीचे जाएगा या थमेगी गिरावट? एक्सपर्ट ने बताया कहां तक लुढ़केगा गोल्ड-सिल्वर का रेट


सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है. पिछले कुछ कारोबारी सेशन में दोनों कीमती मेटल्स के भाव हाई लेवल से काफी नीचे आ चुके हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या अब इनकी कीमतों में और गिरावट आएगी या फिर जल्द भाव संभल सकता है? टेक्निकल और डेरिवेटिव एनालिस्ट व मार्केट एक्सपर्ट सचिन सरवादे के मुताबिक, सोने और चांदी के चार्ट्स पर कुछ ऐसे संकेत दिखाई दे रहे हैं, जो गिरावट थमने और निचले स्तर बनने की संभावना की ओर इशारा करते हैं. हालांकि, इन संकेतों को तेजी की गारंटी नहीं माना जा सकता.

सोना ₹1.21 लाख के करीब

सोने की कीमतों में आज फिर गिरावट आई है.

MCX पर सोने का वायदा भाव अपने लेटेस्ट हाई लेवल 1,80,779 रुपये से गिरकर करीब 1,22,300 रुपये पर आ गया है. इस गिरावट के बाद अब बाजार की नजर 1,21,062 रुपये के लेवल पर है. टेक्निकल चार्ट के मुताबिक, यह सोने के लिए अहम सपोर्ट माना जा रहा है. यह स्तर 38.2% फिबोनाची रिट्रेसमेंट के करीब है. इसके अलावा अक्टूबर 2025 का निचला स्तर भी इसी दायरे के आसपास है. इन दोनों लेवल का एक जगह होना सोने को सहारा दे सकता है.

एक्सपर्ट सचिन सरवादे के मुताबिक, सोने के मासिक चार्ट पर RSI गिरकर 50.66 पर आ गया है. साल 2015 के बाद यह इसका दूसरा सबसे लो लेवल बताया जा रहा है. वहीं, Stochastic इंडिकेटर भी 13.30 के करीब है. ये संकेत बताते हैं कि सोने में तेजी की रफ्तार काफी कमजोर हुई है और बिकवाली का दबाव बढ़ा है. हालांकि, एक जरूरी बात यह है कि RSI का 50.66 होना सामान्य टेक्निकल फैक्टर पर ओवरसोल्ड स्थिति नहीं है. इसलिए इसे अत्यधिक बिकवाली का इंडिकेटर मानने के बजाय कमजोर होते मोमेंटम के रूप में देखना बेहतर होगा.

चांदी के लिए अहम सपोर्ट

सोने-चांदी की कीमतों में कई वजहों से गिरावट आई है.

चांदी की कीमतों में भी ऊंचे स्तरों से बड़ी गिरावट आई है. MCX पर चांदी का वायदा भाव करीब 1,48,900 रुपये के आसपास पहुंच गया है. अब इसके लिए 200-वीक EMA यानी एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज का लेवल अहम माना जा रहा है, जो करीब 1,46,694 रुपये है. इसके नीचे 200-वीक SMA यानी सिंपल मूविंग एवरेज 1,26,833 रुपये पर है. लंबे समय के निवेशक इन लेवल पर खास नजर रखते हैं, क्योंकि यहां कीमतों को सपोर्ट मिलने की संभावना रहती है.

चांदी में दिख रही कमजोरी

चांदी के टेक्निकल फैक्टर्स फिलहाल काफी कमजोर स्थिति दिखा रहे हैं. एक्सपर्ट के दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, वीकली चार्ट पर चांदी का RSI 26.64 और Stochastic 7.87 पर है. RSI का 30 से नीचे होना आमतौर पर ओवरसोल्ड स्थिति माना जाता है. वहीं, मंथली चार्ट पर RSI 44.99 और Stochastic 5.58 पर है. इसका मतलब है कि चांदी में बिकवाली का दबाव काफी बढ़ चुका है. हालांकि, ओवरसोल्ड फैक्टर्स का यह मतलब नहीं है कि कीमतें तुरंत बढ़ने लगेंगी. गिरावट कुछ समय तक जारी भी रह सकती है.

इस बीच एक सवाल ये भी है कि आखिर सोने-चांदी के दाम में गिरावट किन-किन वजहों से आ रही है?

डॉलर में मजबूती – अमेरिकी डॉलर मजबूत होने से सोने और चांदी जैसी मेटल्स पर दबाव बढ़ा है. डॉलर में कीमत तय होने के कारण दूसरे देशों के खरीदारों के लिए सोना महंगा पड़ सकता है.

अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सख्त नीति के संकेत- ब्याज दरों में रेट हाई की उम्मीद बढ़ने से और फेड के सख्त रुख से सोने की चमक फीकी पड़ रही है.

AI शेयरों में गिरावट का दबाव- AI से जुड़े शेयरों में बिकवाली के कारण निवेशक दूसरे एसेट्स में भी पैसे निकाल रहे हैं. इस दौरान सोने और चांदी में भी बिकवाली देखी गई.

मुनाफावसूली- हाल के महीनों में सोने और चांदी में तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफा वसूलने के लिए बिकवाली की, जिससे कीमतों पर दबाव बढ़ा.

वैश्विक बाजार में बिकवाली- इंटरनेशनल मार्केट में सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी का असर घरेलू MCX बाजार पर भी देखने को मिला.

निवेशकों को अभी क्या करना चाहिए?

सोने के लिए 1.21 लाख रुपये और चांदी के लिए 1.46 लाख रुपये के आसपास के लेवल फिलहाल अहम माने जा रहे हैं. अगर इन लेवल पर कीमतें टिकती हैं और खरीदारी लौटती है, तो बाजार में रिकवरी देखने को मिल सकती है. लेकिन सपोर्ट टूटने की स्थिति में गिरावट और बढ़ सकती है. इसलिए निवेशकों को जल्दबाजी में खरीदारी करने के बजाय कीमतों के स्थिर होने और तेजी के संकेत मिलने का इंतजार करना चाहिए. ध्यान रखें कि टेक्निकल इंडिकेटर केवल बाजार की संभावित चाल बताते हैं, भविष्य की कीमतों की गारंटी नहीं देते.

(डिस्क्लेमर: यह खबर एक्सपर्ट के दिए गए तकनीकी विश्लेषण और आंकड़ों पर आधारित है. इसमें बताए गए सपोर्ट स्तर और संकेत संभावित बाजार रुझान समझने के लिए हैं, निवेश की सलाह नहीं. सोने-चांदी में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें. यह खबर केवल जानकारी के उद्देश्य से प्रकाशिक की गई है. यदि आप इनमें से किसी भी शेयर में पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्‍टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह के लाभ या हानि के लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)



Source link