Last Updated:
Anant Singh Daughter Wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में मटन-मछली बनेगा या शाकाहारी भोजन मिलेगा? खाने में क्या-क्या बनेगा और मेहमानों के लिए कैसा मेन्यू तैयार किया गया है? इन सभी सवालों का जवाब अनंत सिंह ने खुद दिया. उन्होंने बताया कि शादी में एक महीने तक मांस-मछली नहीं बनेगा और मेहमानों को शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा.
बेटी की शादी पर अनंत सिंह ने News18 से बातचीत की.
पटनाः मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर खूब चर्चा हो रही है. शादी 25 नवंबर को होनी है. इसमें मेहमानों के स्वागत से लेकर खाने तक की तैयारियां खास हैं. सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि शादी में मटन-मछली बनेगा या फिर शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा? अब खुद अनंत सिंह ने इसका जवाब दिया. उन्होंने बताया कि शादी में मांस-मछली नहीं बनेगा. मेहमानों के लिए शाकाहारी भोजन की व्यवस्था रहेगी. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि खाने में कोई बहुत खास या अलग तरह की डिश नहीं होगी. शादी में आम तौर पर बनने वाला खाना ही परोसा जाएगा.
शादी में एक महीने तक नहीं बनेगा मांस-मछली
बेटी की शादी में खाने को लेकर जब अनंत सिंह से सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि शादी में मांस-मछली नहीं बनेगा. उन्होंने बताया कि उनके गांव में शादी के दौरान मांस-मछली नहीं खाने का नियम है. यह सिर्फ इस शादी के लिए नहीं, बल्कि गांव में पहले से चली आ रही परंपरा है. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें खुद भी मांस-मछली पसंद नहीं है तो उन्होंने कहा, ‘हम खाते हैं, लेकिन शादी में नहीं बनेगा.’ उन्होंने बताया कि शादी में एक महीने तक मांस-मछली नहीं बनेगा. यानी शिवांगी की शादी में आने वाले मेहमानों को पूरी तरह शाकाहारी भोजन ही मिलेगा.
कितना खाना बनाने की तैयारी
शादी में खाने की व्यवस्था को लेकर भी अनंत सिंह ने जानकारी दी. उन्होंने कहा कि भीड़ को देखते हुए बड़े स्तर पर भोजन तैयार किया जाएगा. करीब 500 कड़ाही खाना बनाने की बात कही. हालांकि, उन्होंने इस बात से इनकार किया कि शादी में कोई बहुत खास या अलग तरह का पकवान बनाया जाएगा. उनका कहना था कि जो आम शादी में खाना बनता है, वही यहां भी बनेगा.
कब होगी घुड़दौड़?
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है. शादी की तैयारियां उनके पैतृक आवास बाढ़ के लदमा गांव में चल रही हैं. इस शादी का एक बड़ा आकर्षण घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी होगी. इसके लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से घोड़े पहुंचे हैं. घुड़दौड़ में शामिल होने वाले घोड़ों का अभ्यास भी कराया जा रहा है. खुद अनंत सिंह इन घोड़ों को दौड़ते हुए देख रहे हैं. इस प्रतियोगिता में जीतने वाले घुड़सवारों के लिए इनाम भी रखे गए हैं. अनंत सिंह ने बताया कि पहले स्थान पर आने वाले को थार गाड़ी, दूसरे स्थान पर आने वाले को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटर दिया जाएगा. शादी में घुड़दौड़ को लेकर भी लोगों में काफी उत्साह है.
अनंत सिंह बोले- जिसे कार्ड नहीं मिला, वह भी शादी में आए
शादी में मेहमानों को बुलाने को लेकर अनंत सिंह ने खास अपील की है. उन्होंने कहा कि निमंत्रण कार्ड बांटे जा रहे हैं. अगर किसी को गलती से कार्ड नहीं मिल पाया है तो वह भी शादी में आए. उन्होंने कहा, ‘सबको निवेदन है हमरा कि सब इस शादी में आवे. सिनेमा नहीं तो कोई कार्ड मांगेगा, बिल्कुल कार्ड तो कोई मांगेगा नहीं. नहीं मिला, वो भी आवे. वो कुल मालिक है, जनता है, भगवान है.’ उन्होंने आगे कहा कि बिहार, यूपी और झारखंड समेत देश के दूसरे हिस्सों में रहने वाले उनके दोस्त और जानने वाले भी शादी में शामिल हों. अनंत सिंह ने कहा कि जनता उनके लिए भगवान की तरह है और जनता की वजह से ही वह हैं. इसलिए बेटी की शादी में ज्यादा से ज्यादा लोगों के शामिल होने की उनकी इच्छा है.