चना दाल घोटाले में MLC सुनील सिंह के बाद पत्नी और बेटे से ED की पूछताछ; जानिए क्या है मनी ट्रेल का पूरा मामला

चना दाल घोटाले में MLC सुनील सिंह के बाद पत्नी और बेटे से ED की पूछताछ; जानिए क्या है मनी ट्रेल का पूरा मामला


Last Updated:

Chana dal scam Sunil Singh ED interrogation: बिहार के चना दाल आपूर्ति मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच अब राजद विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह के परिवार तक पहुंच गई है. गुरुवार को सुनील सिंह से करीब आठ घंटे पूछताछ के बाद शुक्रवार को उनकी पत्नी वंदना सिंह और बेटे यशस्वी सिंह को पटना स्थित ईडी कार्यालय बुलाया गया. दोनों ईडी के समन पर कार्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों ने अलग-अलग कमरों में पूछताछ की. बता दें कि इस मामले में शिकायतकर्ता की ओर से कुल 27.36 लाख रुपये के भुगतान के बावजूद चना दाल की आपूर्ति नहीं होने का आरोप लगाया गया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

चना दाल घोटाला मामले में एमएलसी सुनील सिंह के बाद पत्नी वंदना और बेटे यशस्वी को ED ने किया तलब

पटना. बिहार के चना दाल घोटाला और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राजद (RJD) एमएलसी और बिस्कोमान के पूर्व अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह के परिवार पर शिकंजा कस दिया है. गुरुवार को सुनील सिंह से करीब आठ घंटे तक चली लंबी पूछताछ के बाद आज शुक्रवार को ED ने उनकी पत्नी वंदना सिंह और बेटे यशस्वी सिंह को पटना स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में तलब किया है. एजेंसी के समन पर दोनों ED कार्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उन्हें अलग-अलग कमरों में बैठाकर पूछताछ की. मिली जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसी दोनों के बयानों का मिलान गुरुवार को सुनील सिंह से हुई पूछताछ में सामने आए तथ्यों से कर रही है. ईडी अफसरों ने मुख्य रूप से सहकारी समितियों के बैंक खातों में आई रकम और उसके आगे के लेन-देन यानी मनी ट्रेल को लेकर सवाल-जवाब किया है.

क्या है 27 लाख से अधिक की ठगी का पूरा मामला

बता दें कि यह पूरा मामला पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र स्थित मगध विहार कॉलोनी की निवासी और ‘आशा एंटरप्राइजेज’ की प्रोपराइटर मेघा द्वारा 1 जून 2025 को दर्ज कराई गई एक एफआईआर से जुड़ा है. मेघा फल, सब्जी और खाद्यान्न के व्यापार से जुड़ी हैं. व्यापार के सिलसिले में उन्होंने ‘जय माता दी कृषक सेवा स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड’ की अध्यक्ष वंदना सिंह से रियायती दर वाली ‘भारत चना दाल’ खरीदने के लिए संपर्क किया था. आरोप है कि दाल की आपूर्ति के एवज में सोसाइटी के बैंक खाते में 23.65 लाख रुपये जमा कराए गए, लेकिन भारी रकम लेने के बावजूद न तो चना दाल दी गई और न ही पैसे लौटाए गए.

बेटे यशस्वी सिंह पर भी लगे हैं जालसाजी के आरोप

जानकारी के अनुसार, इस मामले में केवल वंदना सिंह ही नहीं, बल्कि सुनील सिंह के बेटे यशस्वी सिंह भी आरोपी हैं. पीड़िता मेघा ने आरोप लगाया था कि ‘सारण फल सब्जी कृषक स्वावलंबी सेवा समिति लिमिटेड’ के अध्यक्ष यशस्वी सिंह ने भी भारत चना दाल की सप्लाई के नाम पर 3.71 लाख रुपये लिए थे, लेकिन वादे के मुताबिक सामान की आपूर्ति नहीं की. दोनों ही मामलों में आरोपियों पर विश्वासघात कर कुल 27.36 लाख रुपये हड़पने का आरोप है.

पुलिस चार्जशीट के आधार पर ED कर रही जांच

गर्दनीबाग थाने की पुलिस ने इस मामले की गहन जांच की थी. केस के जांच अधिकारी (IO) ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट में पाया था कि वादी द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह सत्य हैं और आरोपितों के खिलाफ जालसाजी व धोखाधड़ी के पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं. इसी आधार पर पटना पुलिस पहले ही अदालत में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है. अब इसी एफआईआर और चार्जशीट को आधार बनाते हुए ED ने मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA) के तहत अपनी जांच तेज कर दी है.

अब मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से जांच कर रही ED

दरअसल, पुलिस की जांच में आरोपों के समर्थन में साक्ष्य मिलने की बात सामने आई थी. इसके बाद ईडी ने मामले में कथित मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से जांच शुरू की. गुरुवार को सुनील सिंह से पूछताछ के बाद अब उनकी पत्नी और बेटे से सवाल-जवाब किए जा रहे हैं. हालांकि, सुनील सिंह ने पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत में अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया था. फिलहाल ईडी की जांच जारी है और पूछताछ के बाद ही इस मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.



Source link