Last Updated:
इंस्टाग्राम द्वारा वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026 का प्रचार वीडियो हटाने पर विवाद शुरू हो गया है. आयोजन समिति ने हिंदू-विरोधी रवैये का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हस्तक्षेप की मांग की है और इंस्टाग्राम के पदाधिकारियों को तलब करने की गुजारिश की है.
इंस्टाग्राम पर हिंदू-विरोधी रवैया अपनाने का आरोप, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हस्तक्षेप की मांग.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम एक बार फिर विवादों में घिर गया है. मेटा के स्वामित्व वाले इंस्टाग्राम ने मुंबई में होने वाली ‘वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026’ के प्रचार से जुड़ा एक वीडियो अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया है. इस कार्रवाई से आयोजन समिति के सदस्यों में नाराजगी है. संगठन ने इंस्टाग्राम पर हिंदू-विरोधी रवैया अपनाने और हिंदू संगठनों से जुड़ी सामग्री को निशाना बनाने का आरोप लगाया है.
आयोजन समिति के सचिव स्वदेश खेतावत के मुताबिक, 18 से 20 दिसंबर 2026 तक मुंबई में वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का आयोजन होने जा रहा है. हटाए गए वीडियो में हिंदू युवाओं से इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने की अपील की गई थी. इसके अलावा, वीडियो में पिछले आयोजन में शामिल हुए एक प्रतिभागी ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं से आगामी सम्मेलन में हिस्सा लेने का आह्वान किया था.
इंस्टाग्राम पर हिंदू-विरोधी रवैया अपनाने का आरोप, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हस्तक्षेप की मांग.
मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात
इंस्टाग्राम द्वारा वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस से जुड़े प्रचार वीडियो को बार-बार हटाए जाने के विरोध में संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की है. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को औपचारिक ज्ञापन सौंपकर इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है.
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर मुंबई में मेटा के प्रतिनिधियों को तलब किया जाए और उनसे वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026 के प्रचार वीडियो बार-बार हटाए जाने के संबंध में औपचारिक स्पष्टीकरण मांगा जाए.
प्रतिनिधियों ने कहा कि हिंदू कांग्रेस से जुड़ी सामग्री को बार-बार हटाना, उसके प्रचार-प्रसार में बाधा डालना और वैश्विक हिंदू नेतृत्व सम्मेलन के प्रभाव को कम करने की कोशिश करना किसी सोची-समझी साजिश का हिस्सा मालूम पड़ता है.
गौरतलब है कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026 का आयोजन 18 से 20 दिसंबर तक मुंबई में होना है. अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप की मांग के बाद मेटा की ओर से इस पूरे मामले में क्या स्पष्टीकरण दिया जाता है.