मजदूरी कर बनाई करोड़ों की संपत्ति, बंटवारे में दुश्मन बने भाई, फिर SP के सामने खूब रोए दोनों

मजदूरी कर बनाई करोड़ों की संपत्ति, बंटवारे में दुश्मन बने भाई, फिर SP के सामने खूब रोए दोनों


Last Updated:

फतेहपुर के थरियांव थाना क्षेत्र में जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच छह महीने से चल रहा विवाद पुलिस की काउंसलिंग के बाद खत्म हो गया. थाने में दोनों भाई गले मिलकर रो पड़े. दोनों ने एक दूसरे मिठाइयां खिलाई. दोनों प्यार देखकर उनकी पत्नियां भी भावुक हो गईं.

Zoom

पुलिक की काउंसलिंग के बाद दोनों भाई बुरी तरह टूट गए.

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में जमीन और 15 बीघा धान की फसल के बंटवारे ने दो सगे भाइयों के बीच ऐसी दरार पैदा कर दी कि छह महीने तक बातचीत बंद रही. कभी गरीबी में कंधे से कंधा मिलाकर मजदूरी करने वाले दोनों भाइयों ने मेहनत के दम पर बेंगलुरु में करोड़ों का कारोबार और संपत्ति खड़ी की, लेकिन बंटवारे के विवाद ने रिश्तों में जहर घोल दिया. मामला एसपी तक पहुंचा तो पुलिस ने दोनों भाइयों को थाने बुलाकर काउंसलिंग की. बचपन के संघर्ष और पुराने दिनों की याद दिलाई तो दोनों का दिल पिघल गया. एक-दूसरे को देखते ही गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगे. भाइयों का भावुक मिलन देख उनकी पत्नियों की आंखें भी नम हो गईं.

आपको बता दें कि पूरा मामला थरियांव थाना क्षेत्र के एकारी गांव का है, जहां रहने वाले राकेश चंद्र श्रीवास्तव और उनके छोटे भाई रत्नेश चंद्र श्रीवास्तव के बीच जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. मनमुटाव इतना बढ़ा कि छह महीने से दोनों भाइयों के बीच बातचीत तक बंद थी. बताया जाता है कि दोनों का बचपन बेहद गरीबी में गुजरा. परिवार का भरण-पोषण करने के लिए मजदूरी की और करीब 15 साल पहले बेहतर भविष्य की तलाश में बेंगलुरु चले गए. वहां कड़ी मेहनत और संघर्ष के दम पर कारोबार खड़ा किया और करोड़ों की संपत्ति बनाई.

पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद

लेकिन पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच दूरियां बढ़ती चली गईं. विवाद बढ़ा तो मामला एसपी तक पहुंच गया. इसके बाद थरियांव थाना प्रभारी शमशेर बहादुर ने दोनों भाइयों को थाने बुलाकर काउंसलिंग की.

पुलिस ने उन्हें बचपन के संघर्ष, गरीबी के दिनों और एक-दूसरे के साथ बिताए पुराने पलों की याद दिलाई. इसके बाद थाने में भावुक नजारा देखने को मिला. छह महीने से एक-दूसरे से नाराज दोनों भाई मिठाई खिलाते हुए गले मिलकर फूट-फूटकर रोने लगे. भाइयों को रोता देख उनकी पत्नियां भी भावुक हो गईं. आखिरकार पुलिस की समझाइश रंग लाई और दोनों भाइयों ने अपने गिले-शिकवे भुलाकर फिर से मिल-जुलकर रहने का फैसला किया. छह महीने से चली आ रही नाराजगी खत्म हुई तो परिवार में भी खुशियां लौट आईं.



Source link