Last Updated:
Bihar News: बिहार विधान परिषद की भर्ती प्रक्रिया पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया. सभापति रामवचन राय ने PA और डाटा एंट्री ऑपरेटर के 50 पदों का रिजल्ट रद्द कर दिया. खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को पहले ही ज्वाइनिंग लेटर मिल चुका था.
बिहार विधान परिषद (फाइल फोटो)
पटनाः बिहार विधान परिषद भर्ती विवाद में बड़ा एक्शन हुआ. सभापति रामवचन राय ने निजी सहायक (PA) और डाटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 50 पदों का रिजल्ट कैंसिल कर दिया गया. इनमें सात निजी सहायक के पद भी शामिल हैं. खास बात यह है कि इन सभी अभ्यर्थियों को पहले ही ज्वाइनिंग लेटर दिया जा चुका था. News18 ने इस मामले को सबसे पहले प्रमुखता से उठाया था और लगातार भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सवालों को सामने लाता रहा है.
दोबारा परीक्षा में भी नहीं पहुंचे अभ्यर्थी
दरअसल, बिहार विधान परिषद की भर्ती प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. मामले में पहले आयोजित परीक्षा और चयन प्रक्रिया पर सवाल उठे थे. इसके बाद विधान परिषद के सभापति ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया था. बुधवार को दोबारा आयोजित परीक्षा में भी अभ्यर्थियों की गैरमौजूदगी ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया. पहले चरण में लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) के 30 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, लेकिन निर्धारित समय तक एक भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र नहीं पहुंचा. निजी सहायक पद के अभ्यर्थियों की भी परीक्षा में अनुपस्थिति रही. इसके बाद अब सभापति ने निजी सहायक और डाटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 50 पदों का परीक्षाफल रद्द करने का फैसला लिया है.
सात निजी सहायकों का रिजल्ट भी रद्द
रद्द किए गए परीक्षाफल में सात निजी सहायकों के नाम शामिल हैं. इनमें स्प्रिहा सिंह (अनुक्रमांक 200035), अमन कुमार (200021), नमन राज (200019), अंजली कुमारी आनंद (200044), सुमित राज (200038), गुड़िया कुमारी (200057) और शिमरन भारती (200074) शामिल हैं. इन सभी को पहले ज्वाइनिंग लेटर भी मिल चुका था. अब परीक्षाफल रद्द होने के बाद उनकी नियुक्ति पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.
पूर्व सभापति की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
इस पूरे भर्ती विवाद में बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति अवधेश नारायण सिंह की भूमिका को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं. अब 50 पदों का परीक्षाफल रद्द होने के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ने की चर्चा है. हालांकि, इस फैसले से उनके खिलाफ किसी नई कार्रवाई की पुष्टि अभी नहीं हुई है.