झारखंड के दुष्यंत का अनोखा स्टार्टअप, फैक्ट्री के कचरे से बना रहे फैशनेबल बैग
Last Updated:
रांची के दुष्यंत सिंह फैक्ट्री के कचरे से बैग, जूते और जैकेट बना रहे हैं. उनका ब्रांड Eko Kintsugi (Eco Originals) बेकार स्क्रैप को जोड़कर नए डिजाइन तैयार करता है. ट्रेड फेयर में इसका डेमो चल रहा है. कंपनी की कमर्शियल लॉन्चिंग जनवरी में होगी.
नई दिल्लीः दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में इस बार कई ऐसे स्टार्टअप और ब्रांड देखने को मिल रहे हैं, जो कुछ नया करने की कोशिश कर रहे हैं. इन्हीं में से एक है झारखंड के रांची से आए दुष्यंत सिंह का ब्रांड Eko kintsugi इस ब्रांड की खास बात यह है कि यहां फैशनेबल बैग, फुटवियर और जैकेट बनाने के लिए नए मटेरियल का इस्तेमाल करने के बजाय फैक्ट्रियों से निकलने वाले बेकार समझे जाने वाले स्क्रैप को इस्तेमाल किया जा रहा है. यानी जिस सामान को अक्सर फैक्ट्रियों में फेंक दिया जाता है या जला दिया जाता है, उसी से नए और काम के प्रोडक्ट तैयार किए जा रहे हैं.
कहां से आया आइडिया
दुष्यंत सिंह बताते हैं कि वह साल 2004 से फुटवियर और फैशन इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं. इस दौरान उन्होंने कई कंपनियों के साथ काम किया और मैन्युफैक्चरिंग की प्रक्रिया को करीब से समझा. काम के दौरान उन्होंने देखा कि बैग और फुटवियर बनाने वाली फैक्ट्रियों में काफी मात्रा में लेदर और दूसरे मटेरियल के छोटे-छोटे टुकड़े बच जाते हैं. इनका इस्तेमाल नहीं हो पाता और इन्हें कचरा समझकर बाहर फेंक दिया जाता है. यहीं से उन्हें लगा कि जिस मटेरियल को लोग बेकार समझ रहे हैं, उसकी मदद से कुछ नया बनाया जा सकता है.
ऐसे तैयार होते हैं प्रोडक्ट
Eko Kintsugi की टीम अलग-अलग जगहों से फैक्ट्रियों के बचे हुए स्क्रैप इकट्ठा करती है. इसके लिए कानपुर, कोलकाता समेत कई जगहों से मटेरियल लिया जाता है. इसके बाद सभी टुकड़ों को हाथ से अलग-अलग छांटा जाता है. फिर उन्हें ज्योमेट्रिकल शेप यानी अलग-अलग ज्यामितीय आकार में काटा जाता है. इन टुकड़ों को आपस में जोड़कर पैनल तैयार किए जाते हैं और इन्हीं पैनल्स से बैग, जूते और जैकेट जैसे प्रोडक्ट बनाए जाते हैं.
हर प्रोडक्ट का डिजाइन है खास
इस ब्रांड के प्रोडक्ट्स में अलग-अलग रंगों और ज्योमेट्रिकल शेप का इस्तेमाल किया गया है. इसकी वजह से हर प्रोडक्ट देखने में थोड़ा अलग और खास नजर आता है. दुष्यंत बताते हैं कि उनके पास पहले से कुछ डिजाइन तय होते हैं. मटेरियल की छंटाई के बाद उसी के रंग और उपलब्ध टुकड़ों के हिसाब से डिजाइन तैयार किया जाता है. इस तरह बचा हुआ मटेरियल भी एक नए डिजाइन के साथ इस्तेमाल में आ जाता है.
2022 से चल रही है तैयारी
दुष्यंत सिंह ने बताया की, वह 2022 से इस आइडिया पर काम कर रहे हैं. कंपनी को अगस्त में शामिल किया गया है और फिलहाल इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में इन प्रोडक्ट्स को लोगों के सामने डेमो के तौर पर पेश किया जा रहा है. ब्रांड की कमर्शियल लॉन्चिंग जनवरी में करने की योजना है. उनका मकसद ऐसे मटेरियल को दोबारा इस्तेमाल में लाना है, जिसे अब तक सिर्फ फैक्ट्री का कचरा समझा जाता था.
क्या है Eko Kintsugi का मतलब
इस कंपनी का नाम Eko Kintsugi India Private Limited है और ब्रांड का नाम Eco Originals है. दुष्यंत बताते हैं कि Eko का संबंध पर्यावरण से है, जबकि Kintsugi जापान की एक पारंपरिक कला है. इसमें टूटे हुए बर्तनों को सोने की मदद से जोड़कर उन्हें एक नया रूप दिया जाता है. इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए उनका ब्रांड बेकार समझे जाने वाले मटेरियल को नया रूप देकर इस्तेमाल लायक प्रोडक्ट में बदल रहा है.