Last Updated:
Prashant Kishor News: बिहार में मजदूरों के पलायन को लेकर बयान देने के बाद अब प्रशांत किशोर मिथिला के पाग पर टिप्पणी को लेकर चर्चा में हैं. उनके बयान को लेकर कहीं समर्थन मिल रहा है तो कहीं विरोध हो रहा है. पाग के सम्मान और मिथिला की सांस्कृतिक पहचान को लेकर बहस तेज हो गई है.
प्रशांत किशोर (फाइल फोटो)
मधुबनीः जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) अपने बयानों को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार मामला मिथिला की पहचान और सम्मान के प्रतीक ‘पाग’ से जुड़ा है. मैथिल बुद्धिजीवियों के साथ संवाद के दौरान PK ने पाग पहनाने की परंपरा पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि पाग दुकान से खरीदकर पहन लेने भर से सम्मान नहीं बन जाता. पाग तो वह है, जो किसी को दिल से सम्मान और प्यार के साथ दिया जाए. उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया से लेकर मिथिला के अलग-अलग इलाकों में बहस छिड़ गई है.
‘पाग कोई टोपी नहीं, दिल से दिया हुआ सम्मान है’
प्रशांत किशोर ने कहा कि मिथिला की परंपरा में पाग पहनाने के भी अपने नियम हैं. किस व्यक्ति को किस रंग का पाग पहनाना है, किस मौके पर पहनाना है और उसमें कितने फोल्ड होने चाहिए, इसका भी महत्व है. उन्होंने विजय कांत मिश्रा की 1970 में लिखी किताब का हवाला देते हुए कहा कि खुद दुकान से पाग खरीदकर पहन लेना और किसी के हाथों सम्मान के साथ पाग पहनना, दोनों अलग बातें हैं. उन्होंने राजनीतिक दलों की ओर से बड़ी संख्या में पाग खरीदकर लोगों को पहनाने की परंपरा पर भी सवाल उठाए. PK ने कहा कि लोगों को यह देखना चाहिए कि पाग देकर सम्मान बढ़ाया जा रहा है या उसकी गरिमा कम की जा रही है.
समर्थकों ने कहा- परंपरा का असली मतलब समझाया
PK के बयान को सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सही बताया है. समर्थकों का कहना है कि उन्होंने पाग के सांस्कृतिक महत्व और सम्मान देने की परंपरा पर सही सवाल उठाए हैं. उनके मुताबिक, पाग सिर्फ सिर पर पहनने वाला कपड़ा नहीं, बल्कि सम्मान और अपनापन जताने का तरीका है.
विरोधियों ने मांगी सार्वजनिक माफी
दूसरी तरफ, इस बयान को लेकर विरोध भी शुरू हो गया है. मिथिला स्टूडेंट यूनियन (MSU) के कार्यकर्ताओं ने दरभंगा के बिरौल में विरोध प्रदर्शन किया. संगठन ने PK की टिप्पणी को मिथिला की सांस्कृतिक अस्मिता से जोड़ते हुए सार्वजनिक स्पष्टीकरण और माफी की मांग की है. 18 नवंबर को शिवनगरघाट में भी संगठन की ओर से प्रदर्शन किए जाने की खबर है.
पाग के बहाने बिहार की राजनीति पर भी निशाना
इस पूरे विवाद के बीच PK ने बिहार में उद्योगों की कमी और मजदूरों के पलायन का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि बिहार में टीवी, फ्रिज, सीमेंट और छड़ नहीं बनते. पूरा बिहार मजदूर बनाने की फैक्ट्री बन गया है. उनका यह बयान भी चर्चा में है.