MP में शुरू हुआ हॉकी का महाकुंभ, 6 टीमें लेंगी हिस्सा; जानें कितने दिन तक चलेगा टूर्नामेंट

MP में शुरू हुआ हॉकी का महाकुंभ, 6 टीमें लेंगी हिस्सा; जानें कितने दिन तक चलेगा टूर्नामेंट


Last Updated:

मध्य प्रदेश की धरती पर महिला हॉकी एशियन चैंपियनशिप की शुरुआत हो चुकी है. इसके शुभारंभ में मुख्यमंत्री मोहन यादव पहुंचे. उन्होंने सभी प्लेयर्स के टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई है. यह टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक कुल 10 दिनों तक खेला जाएगा. इसके लिए प्रदेश के खेल प्रेमी काफी उत्साहित हैं.

Zoom

मध्य प्रदेश में शुरू हो रहा हॉकी का बड़ा टूर्नामेंट

मध्य प्रदेश की धरती पर अब महिला हॉकी का रोमांच दिखेगा, जहां भारत सहित कुल 6 टीमें महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में हिस्सा लेती हुई दिखाई देंगी. बताया जा रहा है कि यह टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक खेला जाएगा. इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचे और इस टूर्नामेंट का शुभारंभ किया.

टूर्नामेंट को एमपी के लिए बताया गौरव
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सहित देशभर में खेलों के प्रति पॉजिटिव माहौल बना है. खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. हमारा राष्ट्रीय खेल हॉकी एक बार फिर अपने स्वर्णिम दौर में प्रवेश कर रहा है. भोपाल में पहली बार महिला हॉकी एशियन चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है. यह एमपी के लिए गौरव का विषय है.

राजधानी भोपाल के बरखेड़ा नाथू में इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों के लिए अच्छी सुविधाएं उपलब्ध हैं. उन्होंने हिस्सा ले रही सभी टीमों और खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के लिए बधाई दी है.

भारत ने पहले मैच में मलेशिया को हराया
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर भारत की टीम की स्पोर्ट्स जर्सी का विमोचन किया और पूर्व ओलंपियन हॉकी खिलाड़ियों का सम्मान किया. बरखेड़ा नाथू में स्टेडियम में महिला एशियन चैंपियनशिप का पहला मैच भारत और मलेशिया की महिला टीमों के बीच खेला गया. मेजबान भारत ने मलेशिया को 4-1 से हरा कर विजय अभियान का शुभारंभ कर दिया है.

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रदेश में पहली बार आयोजित हो रही इंटरनेशनल एशियन चैंपियनशिप का शुभारंभ, खिलाड़ियों, हॉकी प्रेमियों और प्रदेश वासियों के लिए गौरव के क्षण हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सभी खिलाड़ी अपनी पूरी क्षमता के साथ इस टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे. हॉकी स्टेडियम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उत्साह के साथ मौजूद थे.



Source link