सर्दी में बकरियों पर मंडराया 2 बीमारियों का खतरा, छींक-खांसी और मुंह में छाले दिखें तो सावधान

सर्दी में बकरियों पर मंडराया 2 बीमारियों का खतरा, छींक-खांसी और मुंह में छाले दिखें तो सावधान


होमताजा खबरकृषि

सर्दी में बकरियों पर मंडराया 2 बीमारियों का खतरा, ये लक्षण दिखें तो सावधान

Last Updated:

Goat Farming Tips: ठंड का मौसम शुरू होते ही बकरियों में निमोनिया और PPR बीमारी का खतरा बढ़ गया है. कृषि विज्ञान केंद्र बालोद की वैज्ञानिक डॉ नीतू सोनकर के मुताबिक, छींक, नाक बहना और बुखार निमोनिया के लक्षण हैं जबकि PPR में मुंह में छाले भी पड़ते हैं. बचाव के लिए मुफ्त टीकाकरण कराएं और बकरियों को सूखी, साफ जगह पर रखें.

बालोद. सर्दियों का मौसम शुरू होते ही पशुपालकों की चिंता बढ़ने लगी है. खासकर बकरी पालन करने वाले किसानों को इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. ठंड के दौरान बकरियों में निमोनिया और पीपीआर जिसे बकरी प्लेग भी कहते हैं, का बीमारी का खतरा बढ़ जाता है. इन दोनों बीमारियों के शुरुआती लक्षण काफी हद तक एक जैसे होते हैं, जिससे पशुपालक कई बार बीमारी की पहचान करने में चूक कर देते हैं. इसका सबसे ज्यादा असर छोटी बकरियों पर देखने को मिलता है.

कृषि विज्ञान केंद्र बालोद की पशुधन उत्पादन एवं प्रबंधन वैज्ञानिक डॉ नीतू सोनकर ने लोकल 18 को बताया कि ठंड के मौसम में छोटी बकरियों में निमोनिया की शिकायत अधिक देखने को मिलती है. निमोनिया होने पर बकरियों को छींक आती है, नाक बहने लगती है और बुखार भी हो सकता है. वहीं पीपीआर बीमारी में भी बुखार, सर्दी, खांसी और छींक जैसे लक्षण दिखाई देते हैं. हालांकि पीपीआर की पहचान बकरियों के मुंह में छाले पड़ने से भी की जा सकती है.

मुंह में छाले दिखें तो सावधान
डॉ सोनकर के अनुसार, इन बीमारियों से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है. पशुपालक स्थानीय पशु चिकित्सा विभाग से संपर्क कर बकरियों का टीकाकरण करवा सकते हैं. इसके लिए सरकारी स्तर पर टीकाकरण की सुविधा बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध है. बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार करने के बजाय तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए.

गीले फर्श पर रखने से निमोनिया का खतरा
सर्दियों में बकरियों को ठंडी और गीली जगह पर रखने से बचना चाहिए. उनके रहने का स्थान साफ, सूखा और हवादार होना जरूरी है. गीले फर्श पर लगातार रहने से निमोनिया होने की आशंका बढ़ जाती है. यदि किसी बकरी में बीमारी के लक्षण दिखाई दें, तो उसे तुरंत दूसरी बकरियों से अलग शेड में रखना चाहिए क्योंकि संक्रमण दूसरी बकरियों में भी फैल सकता है.

दूध उत्पादन और ग्रोथ पर पड़ता है असर
बीमारी का असर केवल बकरियों की सेहत तक सीमित नहीं रहता. निमोनिया से छोटी बकरियों की ग्रोथ रेट प्रभावित होती है, वहीं बड़ी बकरियों में दूध उत्पादन भी कम हो सकता है. ऐसे में पशुपालकों को साफ-सफाई, उचित आवास और समय पर टीकाकरण पर विशेष ध्यान देना चाहिए.



Source link