Last Updated:
Damoh News: मध्य प्रदेश के दमोह में पथरिया मंडी में चौकीदारी करने वाले शख्स का शव खिड़की से लटका हुआ मिला और उसके गले में फांसी का फंदा था. मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. परिजनों की तरफ से बताया गया है कि वह नशा नहीं करते थे और उनकी किसी से लड़ाई भी नहीं थी. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है और परिजनों को सौंप दिया है.
दमोह में खिड़की से लटका हुआ मिला शव
Damoh: मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है, जहां पथरिया कृषि उपज मंडी में गुरुवार को चौकीदार नन्हेलाल सेन (54) का शव फंदे से लटका हुआ मिला. बताया जा रहा है कि उनका शव छत पर खिड़की में फंदे से लटका हुआ था. सूचना मिलने के बाद तुरंत मौके पर पुलिस पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम करवाया है. बताया जा रहा है कि मृतक चौकीदार पथरिया के वॉर्ड नंबर-8 का निवासी थे और वह मंडी परिसर में ही रहते थे.
भतीजे ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के भतीजे ने जानकारी देते हुए घटना पर संदेह जताते हुए कहा कि खिड़की से फांसी लगाना संभव नहीं लग रहा है. ऐसा लगता है कि हत्या करके फंदे से लटकाकर आत्महत्या के तौर पर प्रतीत करने का प्रयास किया है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्यवाही की मांग की है. भतीजे ने यह भी बताया कि चाचा पिछले छह महीने से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे. हालांकि इसकी वजह उन्हें पता नहीं थी. अब परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सेन समाज के अध्यक्ष दीपेंद्र सेन ने कहा कि वह नशा नहीं करते थे और वहां पर पव्वा एक मिला है. हत्या करके उन्हें खिड़की से लटकाया गया है. हमारे यहां पहुंचने से पहले काफी भीड़ पहुंच चुकी थी.
हत्या की सूचना मिलते ही जमा हो गई थी भीड़
मंडी सचिव ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे घटना की जानकारी मिली थी. जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई और मंडी परिसर में कर्मचारियों की भीड़ जमा हो गई.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के संबंध में पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के मुख्य कारणों का खुलासा किए जाने की संभावना जताई जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है. इस संबंध में पुलिस कई लोगों से बातचीत कर रही है.
दूसरी तरफ परिजन जल्दी जांच पूरी करने और आरोपी पकड़ने की बात कह रहे हैं. उनकी तरफ से यह भी कहा गया है कि अगर ऐसा नहीं होता है, तो वह हाइवे पर चक्काजाम करेंगे.