गहना चोरी के विवाद में चाची ने डेढ़ साल के भतीजे को पटका, जिस आंगन में गूंजती थी किलकारी वहां पसरा मातम

गहना चोरी के विवाद में चाची ने डेढ़ साल के भतीजे को पटका, जिस आंगन में गूंजती थी किलकारी वहां पसरा मातम


Last Updated:

पटना के पालीगंज में अंधविश्वास और गहना चोरी के शक में एक चाची ने अपने डेढ़ साल के मासूम भतीजे ऋषभ को जमीन पर पटककर मार डाला. घटना के बाद आरोपी ममता देवी अपने पति के साथ फरार बताई जा रही है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.

Zoom

पटना: इंसान के सिर पर जब अंधविश्वास सवार हो जाता है तो उसे वही सच दिखता है. इस अंधविश्वास के चक्कर में लोग हत्यारे तक बन बैठे हैं. ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला बिहार के पालीगंज से सामने आया है. यहां एक कलयुगी चाची ने डेढ़ साल के मासूम भतीजे के साथ कुछ ऐसा किया जिसने रिश्ता और इंसानियत दोनों को ही शर्मसार कर दिया. पालीगंज में गहना चोरी के शक और ओझा-गुणी के चक्कर में एक चाची ने अपने डेढ़ साल के मासूम भतीजे को पटककर मार डाला. आरोप है कि उसकी अपनी ही चाची ने गुस्से में आकर मासूम ऋषभ को जमीन पर पटक दिया. इस घटना के बाद अब उस आंगन में मातम पसरा है जहां उस बच्चे की किलकारियां गूंजती थी.

खून के रिश्ते को शर्मसार करने वाली यह तस्वीर पालीगंज थाना क्षेत्र के कसोपुर गांव की है. तस्वीरों में नजर आ रहा यह मासूम ऋषभ अब इस दुनिया में नहीं है. महज डेढ़ साल की उम्र में उसकी जिंदगी का दर्दनाक अंत हो गया. आरोप है कि मासूम की चाची ममता देवी ने पारिवारिक विवाद के दौरान उसे जमीन पर पटक दिया. गंभीर रूप से घायल ऋषभ को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे. हालत नाजुक होने पर उसे पटना एम्स रेफर किया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.

इस दर्दनाक वारदात के पीछे की कहानी बेहद चौंकाने वाली है. मृतक के पिता राहुल के मुताबिक, कुछ वर्ष पहले उनकी भाभी के गहने चोरी हो गए थे. गहने का पता लगाने के लिए उन्होंने पुलिस की जगह ओझा-गुणी का सहारा लिया. राहुल का आरोप है कि ओझा के संपर्क में आने के बाद भाभी का उनके परिवार के प्रति व्यवहार बदल गया. उन्हें शक था कि गहने की चोरी राहुल और उसके परिवार ने की है. इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था.

बुधवार को भी राहुल की पत्नी और उसकी भाभी के बीच इसी विवाद को लेकर कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि ममता देवी ने गुस्से में अपने ही डेढ़ साल के भतीजे ऋषभ को जमीन पर पटक दिया. घटना के वक्त राहुल घर पर मौजूद नहीं था. उसे जब घर में विवाद की जानकारी मिली तो वह दौड़कर पहुंचा लेकिन, तब तक उसका मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो चुका था. पिता की आंखों के सामने उसकी दुनिया उजड़ गई. जिस बच्चे को पिता ने अपनी गोद में खिलाया था, उसी बच्चे को हमेशा के लिए खो दिया. ऋषभ की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है. घर में मातम पसरा है और परिवार इंसाफ की गुहार लगा रहा है. घटना के बाद आरोपी ममता देवी अपने पति के साथ फरार बताई जा रही है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.

सवाल सिर्फ एक मासूम की हत्या का नहीं, बल्कि उस अंधविश्वास का भी है, जिसने एक परिवार की खुशियां छीन ली. गहने की चोरी का शक, ओझा-गुणी का चक्कर और पारिवारिक दुश्मनी. इन सबके बीच उस मासूम की क्या गलती थी, जिसने अभी दुनिया में कदम रखा ही था अभी तो उसे दुनिया देखना था.



Source link