Last Updated:
सीएम योगी ने मंच से भाषण देते हुए पहले तो रवि किशन को खड़ा किया और फिर उन्हें विलेन बना दिया. सीएम ने हीरो के रोल में संजय निषाद को फिट कर दिया. इसके साथ ही स्थानीय विधायक फतेह बहादुर सिंह को भी छोटा-मोटा रोल देने की बात कह दी.
योगी ने ली रवि किशन की चुटकी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ऐक्टर और गोरखपुर सांसद रवि किशन के साथ हंसी-मजाक का संबंध हमेशा सुर्खियों में रहता है. ऐसा फिर से एक बार देखने को मिला है. योगी ने मंच से भाषण देते हुए पहले तो रवि किशन को खड़ा किया और फिर उन्हें विलेन बना दिया. सीएम ने हीरो के रोल में संजय निषाद को फिट कर दिया. इसके साथ ही स्थानीय विधायक फतेह बहादुर सिंह को भी छोटा-मोटा रोल देने की बात कह दी. उनकी बात सुनकर सभी लोग हंसने लगे.
गोरखपुर के कैम्पियरगंज विधानसभा इलाके में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने तफरी ली. उन्होंने कहा- रवि किशन खड़े हो जाइए एक बार. खड़े होकर दिखाओ पहले. ये रवि किशन को पहचान रहे हैं या नहीं पहचान रहे हैं. पहचान लो भाई. कितने लोग पहचान रहे हैं भाई रवि किशन को. फिर लोगों के हाथ उठाने पर योगी ने कहा कि लगता है ये फिल्म नहीं दिखाते हैं.
सीएम योगी यहीं पर नहीं रुके. उन्होंने आगे कहा कि अगर रवि किशन और संजय निषाद दोनों को एक साथ फिल्मों में काम करवा दें. दोनों का रोल ठीक रहेगा ना? संजय निषाद तो एकदम तैयार हैं. वो कह रहे हैं कि मैं हीरो रहूंगा और रवि किशन विलेन रहेंगे. एक नायक और दूसरा खलनायक.
इसके बाद सीएम योगी जनता से मुखातिब होते हुए पूछते हैं कि क्या आप वो फिल्म देखेंगे? क्या देखेंगे इन दोनों की फिल्म? फिर वह रविकिशन की तरफ देखते हुए कहते हैं कि एक दिन लेकर आइए अपनी पूरी यूनिट को और यहीं पूरी फिल्म करवाइए. यहीं पर करवाइए. और छोटा-मोटा रोल फतेह बहादुर जी को भी दे देना.