रद्द नहीं हुई है UP सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा, फर्जी है वायरल नोटिस, 3-4 दिसंबर को होगा एग्जाम

रद्द नहीं हुई है UP सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा, फर्जी है वायरल नोटिस, 3-4 दिसंबर को होगा एग्जाम


Last Updated:

UPESSC Assistant Teacher Exam 2026: उत्तर प्रदेश में 3 और 4 दिसंबर 2026 को होने वाली सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा रद्द नहीं हुई है. यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे लेटर को फर्जी बताया है. इसके साथ ही एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है.

Zoom

UPESSC Assistant Teacher Exam 2026: परीक्षा रद्द होने का फर्जी नोटिस वायरल हो रहा था

लखनऊ (UPESSC Assist ant Teacher Exam 2026). अगर आप उत्तर प्रदेश में सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अफवाह पर यकीन न करें. पिछले कुछ समय से WhatsApp और अन्य प्लेटफॉर्म पर एक नोटिस तेजी से शेयर हो रहा है. उसमें दावा किया जा रहा है कि 3 और 4 दिसंबर 2026 को होने वाली परीक्षा रद्द कर दी गई है. इस खबर से लाखों अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई थी. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने इसे फर्जी बताया है.

UPESSC ने साफ शब्दों में कहा है कि यूपी सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा रद्द होने की खबर बिल्कुल झूठी और मनगढ़ंत है. विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राइमरी और प्राथमिक शहरी) की भर्ती परीक्षा अपने तय कार्यक्रम के अनुसार यानी 3 और 4 दिसंबर 2026 को ही होगी. इतना ही नहीं, आयोग के नाम और लेटरहेड का गलत इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ अब पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई जा रही है.

नकली लेटरहेड और जाली हस्ताक्षर से फैलाई गई अफवाह

यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बताया कि इस भर्ती का विज्ञापन 15 सितंबर 2026 को जारी किया गया था. परीक्षा के लिए 3 और 4 दिसंबर की तारीख तय की गई थी. लेकिन कुछ अराजक तत्वों ने आयोग के ऑफिशियल लेटरहेड, लोगो और उपसचिव संजय कुमार सिंह के जाली हस्ताक्षर बनाकर ‘महत्वपूर्ण सूचना’ के नाम से फर्जी पत्र वायरल कर दिया. इसमें परीक्षा कैंसिल होने की झूठी बात लिखी गई थी, जिससे अभ्यर्थियों को गुमराह किया जा सके.

UP Teacher Recruitment Exam Date December 2026: आयोग ने इस संबंध में नोटिस जारी किया है

प्रयागराज में दर्ज होगी एफआईआर, सख्त कार्रवाई की तैयारी

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग ने कानूनी कदम उठाने का फैसला किया है. फर्जी सूचना फैलाने वाले अज्ञात व्यक्तियों या संस्थाओं के खिलाफ प्रयागराज के थाना कर्नलगंज में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से जुड़ा कोई बदलाव नहीं हुआ है और सभी तैयारियां तय समय के हिसाब से चल रही हैं.

सही और पक्की जानकारी कहां से मिलेगी?

यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अभ्यर्थियों और आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले किसी भी अनजान नोटिस पर भरोसा न करें और न ही उसे आगे फॉरवर्ड करें. भर्ती, परीक्षा कार्यक्रम या एडमिट कार्ड से जुड़ी हर ऑफिशियल सूचना सिर्फ आयोग की वेबसाइट upessc.up.gov.in और आधिकारिक X (ट्विटर) हैंडल @upesscprayagraj पर ही जारी की जाती है.

अभ्यर्थियों के लिए काम की सलाह

अक्सर परीक्षा से ठीक पहले फर्जी नोटिस वायरल कर उम्मीदवारों का ध्यान भटकाने की कोशिश की जाती है. ऐसे में किसी भी मेसेज या पीडीएफ को देखकर घबराने के बजाय सीधे ऑफिशियल वेबसाइट का ‘नोटिस बोर्ड’ सेक्शन चेक करें. अपनी पढ़ाई की स्पीड बनाए रखें, एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र से जुड़ी गाइडलाइंस पर नजर रखें और केवल सरकारी वेबसाइट से डाउनलोड किया गया नोटिस ही सही मानें.



Source link