आलू के साथ उगाएं मूली और धनिया, कम समय में मिलेगी अतिरिक्त कमाई
Last Updated:
अगर आप आलू की खेती करने की तैयारी कर रहे हैं, तो खेत की खाली जगह का इस्तेमाल करके अतिरिक्त कमाई का मौका भी बना सकते हैं. आलू के साथ मूली, गाजर और धनिया जैसी फसलें उगाई जा सकती हैं. हालांकि, फसल चुनते समय उसकी अवधि, खेत में उपलब्ध जगह और मौसम का ध्यान रखना जरूरी है. सुल्तानपुर के कृषि वैज्ञानिक डॉ. सी.के. त्रिपाठी से जानिए इस तरीके से खेती करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
आलू की बुवाई के समय खेत में खाली जगह का सही इस्तेमाल करके किसान दूसरी फसल भी उगा सकते हैं. इससे कम जमीन में दो फसलों से कमाई का अवसर मिल सकता है. हालांकि, दोनों फसलों की बढ़वार प्रभावित नहीं होनी चाहिए.
सुल्तानपुर कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. सी.के. त्रिपाठी के मुताबिक, मूली की कुछ किस्में लगभग 25 से 50 दिनों में तैयार हो जाती हैं. किसान अपने क्षेत्र के मौसम और मिट्टी के अनुसार किस्म का चुनाव कर सकते हैं.
आलू के साथ गाजर की खेती भी की जा सकती है. हालांकि, गाजर को तैयार होने में मूली से अधिक समय लगता है. इसलिए इसकी बुवाई से पहले आलू की खुदाई और दोनों फसलों की अवधि का ध्यान रखना जरूरी है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
आलू के बरहे में हरी धनिया की बुवाई करना भी एक विकल्प है. यह कम समय में तैयार होने वाली फसल है. किसान स्थानीय बाजार में इसकी मांग को देखते हुए इसकी खेती कर सकते हैं.
आलू के साथ सौंफ भी उगाई जा सकती है, लेकिन इसकी फसल अवधि और बढ़वार को ध्यान में रखना जरूरी है. खेत में पर्याप्त जगह होनी चाहिए और दोनों फसलों की पोषण संबंधी जरूरतों का भी आकलन करना चाहिए.
दोनों फसलों को पर्याप्त धूप, पानी और पोषक तत्व मिलने चाहिए. जरूरत से ज्यादा घनी बुवाई करने से पौधों की बढ़वार प्रभावित हो सकती है. सिंचाई के दौरान खेत में पानी जमा न होने दें, क्योंकि जलभराव से आलू की फसल को नुकसान पहुंच सकता है. खाद और उर्वरक का इस्तेमाल मिट्टी की जरूरत के अनुसार करें.