Rupee Growth : अभी रुपया कमजोर दिख रहा लेकिन अगले साल ग्रोथ संभालना हो जाएगा मुश्किल

Rupee Growth : अभी रुपया कमजोर दिख रहा लेकिन अगले साल ग्रोथ संभालना हो जाएगा मुश्किल


Last Updated:

Rupee Growth : देश के मुख्य आर्थिक सलाहकार ने कहा है कि अभी भले ही रुपये में गिरावट दिख रही है, लेकिन अगले साल इसमें आने वाली तेज को संभालना मुश्किल हो सकता है. पिछले कुछ समय से रुपये में लगातार तेजी दिख रही है. इससे साफ संकेत मिल रहा है आने वाले समय में रुपये में दोबारा तेजी का अनुमान है.

Zoom

डॉलर के मुकाबले रुपये में धीरे-धीरे तेजी दिख रही है.

नई दिल्ली. मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) वी अनंत नागेश्वरन का कहना है कि भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच अगले साल भारत के सामने रुपये की कमजोरी के बजाय उसकी मजबूती को संभालने की चुनौती हो सकती है. नागेश्वरन ने उद्योग मंडल फिक्की के एक कार्यक्रम में कहा कि चालू वित्तवर्ष के पहले 7 महीनों के प्रदर्शन के आधार पर मार्च, 2027 तक देश के निर्यात के 1,000 अरब डॉलर के करीब पहुंच जाने की उम्मीद है.

नागेश्वरन ने कहा कि चालू वित्तवर्ष के पहले 7 महीनों में निर्यात का आंकड़ा 568 अरब डॉलर रहा है. इसे 12 महीने के आधार पर देखें तो हम आसानी से 1,000 अरब डॉलर के आंकड़े के करीब पहुंच सकते हैं. वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक, अक्टूबर में भारत का वस्तु निर्यात सालाना आधार पर करीब 45 फीसदी बढ़कर 49.47 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. इस महीने सेवा निर्यात का अनुमानित मूल्य 40.51 अरब डॉलर रहा है.

अप्रैल से अक्टूबर तक कितना निर्यात
चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल-अक्टूबर के दौरान देश का कुल निर्यात 16.66 फीसदी बढ़कर 568.84 अरब डॉलर रहने का अनुमान है. इस अवधि में कुल आयात 16 फीसदी बढ़कर 662.19 अरब डॉलर रहने का अनुमान है. नागेश्वरन ने कहा कि छह महीने पहले की तुलना में हम साल के अंत में कहीं बेहतर मनोदशा और स्थिति में आगे बढ़ रहे हैं. तेल की कीमतों और एआई कंपनियों के मूल्यांकन से जुड़े मौजूदा रुझान संकेत देते हैं कि वित्तवर्ष 2027-28 भी वृद्धि और भारत में पूंजी प्रवाह के लिहाज से अच्छा रह सकता है.

रुपये जल्द ही मारेगा पल्टी
सीईए ने कहा कि कौन जानता है कि अगले साल हमारी चुनौती रुपये की कमजोरी के बजाय उसकी मजबूती को संभालने की हो सकती है. उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब पिछले कुछ सप्ताह में डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती आई है. रुपया 8 अक्टूबर को डॉलर के मुकाबले 96.88 के अब तक के सबसे निचले बंद स्तर पर पहुंच गया था. इसके बाद इसमें लगातार सुधार देखा गया है. गुरुवार को रुपया पांच पैसे की बढ़त के साथ 93.36 प्रति डॉलर पर बंद हुआ.

काम कर गया आरबीआई का दांव
भारतीय रिजर्व बैंक ने रुपये को मजबूती देने के लिए 10 अक्टूबर को कई उपायों की घोषणा की थी. इनमें पेट्रोलियम मार्केटिंग कंपनियों के लिए विशेष सुविधा तैयार करना शामिल था, जिससे डॉलर की उनकी मांग हाजिर बाजार से हटाई जा सके. इसके अलावा, केंद्रीय बैंक ने विदेशी मुद्रा डेरिवेटिव सौदों के नियम सख्त किए थे, ताकि रुपये के खिलाफ सट्टेबाजी पर अंकुश लगाया जा सके. बैंकों से दो लाख डॉलर से अधिक की खरीद पर 20 फीसदी रिजर्व राशि रखने को भी कहा गया था.



Source link