झुंझुनू. गोसेवा का संकल्प जब जनसहयोग से जुड़ता है, तो बदलाव की तस्वीर भी बड़ी हो जाती है. भोड़की गांव की जमवाय ज्योति गोशाला इसका उदाहरण है. यहां गायों की सेवा और उनके संरक्षण के साथ उन्हें आर्थिक रूप से भी सुरक्षित करने की अनूठी पहल की गई है. गोशाला में अब 100 गायें लखपति बन चुकी हैं. इन गायों के नाम पर गोसेवकों ने एक-एक लाख रुपए की एफडी करवाई है. इस राशि से संबंधित गाय के पालन-पोषण का खर्च उठाया जाता है. खास बात यह है कि गोशाला का बैंक बैलेंस भी एक करोड़ रुपए के पार पहुंच चुका है.
गुरुवार को मूंडों की ढाणी सौंथली निवासी गिरधारी लाल मूंड ने एक गाय के नाम पर एक लाख रुपए की एफडी करवाई. इसके साथ ही गोशाला में लखपति गायों की संख्या 100 हो गई. अब तक 100 गोसेवक इस मुहिम से जुड़कर गायों के नाम पर एफडी करवा चुके हैं. गोद लेने की इस व्यवस्था से गायों के नियमित पालन-पोषण के लिए आर्थिक सहयोग मिलता है.
80 बीघा में फैली गोशाला, 898 गोवंश का संरक्षण
ग्रामीणों के सहयोग से 25 मार्च 2015 को शुरू हुई यह गोशाला आज करीब 80 बीघा क्षेत्र में फैल चुकी है. वर्तमान में यहां 898 गोवंश का पालन-पोषण किया जा रहा है. शुरुआत से ही ग्रामीणों और भामाशाहों ने गोशाला के विकास में आर्थिक सहयोग दिया है. गोशाला समिति के अनुसार, अब तक जनसहयोग से 15 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य करवाए जा चुके हैं.
गोबर से गैस और केंचुओं से बन रही जैविक खाद
गोशाला में गोसेवा के साथ संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर भी जोर दिया जा रहा है. यहां जैविक खाद बनाने का प्लांट स्थापित किया गया है, जिसमें केंचुआ खाद तैयार की जाती है. यह खाद खेती में रासायनिक खाद के विकल्प के रूप में उपयोगी है. वहीं, वर्ष 2023 में 200 क्यूबिक मीटर क्षमता का बायोगैस प्लांट भी स्थापित किया गया. समिति पदाधिकारियों के मुताबिक, यह झुंझुनूं जिले का सबसे बड़ा बायोगैस प्लांट है. इस पहल से गोबर का उपयोग ऊर्जा उत्पादन में किया जा रहा है.
बीमार गोवंश के लिए आधुनिक अस्पताल, एक्स-रे मशीन की सुविधा
गोशाला में बीमार और घायल गोवंश के उपचार के लिए गौ चिकित्सालय भी संचालित किया जा रहा है. यहां आधुनिक एक्स-रे मशीन सहित उपचार के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध हैं. इससे गोवंश को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं. गोशाला में केवल पशुओं को आश्रय देना ही नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य और देखभाल की व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है.
मंदिर, प्रतिमाएं और पार्क बने आकर्षण का केंद्र
गोशाला परिसर में धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया गया है. यहां राधा-कृष्ण मंदिर के साथ गोवर्धनधारी कृष्ण और शिव गंगा अवतरण से संबंधित प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. परिसर में पार्क और बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले भी लगाए गए हैं. यही वजह है कि सुबह-शाम यहां श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की आवाजाही बनी रहती है.
गोशाला के निर्माण और विकास में जाखल निवासी एवं मुंबई प्रवासी श्यामसुंदर सौंथलिया का विशेष आर्थिक योगदान रहा है. गोसेवा के प्रति समर्पण के चलते उन्होंने गोशाला को गोद भी ले रखा है. समिति अध्यक्ष शिवराम गोदारा के अनुसार, जनसहयोग से शुरू हुई यह पहल आज गोवंश संरक्षण, जैविक खेती, ऊर्जा उत्पादन और चिकित्सा सुविधाओं का केंद्र बन चुकी है.