Nainital News: नयना पीक ट्रैक में अब हर पर्यटक पर रखी जाएगी नजर, एंट्री से वापसी तक बनेगा रिकॉर्ड, जानें क्या बदलेगा

Nainital News: नयना पीक ट्रैक में अब हर पर्यटक पर रखी जाएगी नजर, एंट्री से वापसी तक बनेगा रिकॉर्ड, जानें क्या बदलेगा


नैनीताल: नैनीताल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नयना पीक ट्रैक पर जल्द ही पर्यटकों की सुरक्षा और ट्रैकिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नई पहल की जा रही है. जंगल के भीतर पर्यटकों की आवाजाही पर निगरानी रखने, ट्रैकिंग करने वालों का रिकॉर्ड रखने और किसी भी आपात स्थिति में समय रहते मदद पहुंचाने के उद्देश्य से नया टिकट काउंटर बनाया जा रहा है. इसके साथ ही पर्यटकों को प्रशिक्षित स्थानीय गाइडों के साथ जंगल की सैर कराने की योजना भी तैयार की जा रही है. नई व्यवस्था लागू होने से नयना पीक ट्रैक पर पर्यटन को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की उम्मीद है.

नयना पीक नैनीताल के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है. यहां पहुंचने के लिए पर्यटक जंगल के बीच से गुजरने वाले पैदल रास्तों पर ट्रैकिंग करते हैं. ट्रैक के अंतिम छोर से नैनीताल शहर, नैनी झील और आसपास की पहाड़ियों के खूबसूरत दृश्य दिखाई देते हैं. खासकर हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों का दीदार करने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं. हालांकि, जंगल के रास्तों, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों और कई जगहों पर रास्तों की स्थिति को देखते हुए पर्यटकों की सुरक्षा लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है.

पर्यटकों की एंट्री और वापसी का रखा जाएगा रिकॉर्ड

नई व्यवस्था के तहत नयना पीक जाने वाले पर्यटकों के लिए टिकट काउंटर और प्रवेश-निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा. पर्यटकों की संख्या और उनके ट्रैक पर जाने का रिकॉर्ड रखा जाएगा, जिससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि ट्रैकिंग के लिए गए लोग सुरक्षित वापस लौटे हैं या नहीं. इसके अलावा स्थानीय युवाओं को नेचर गाइड के रूप में तैयार करने की योजना है. उन्हें जंगल के रास्तों, वन्यजीवों, पक्षियों, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटकों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षित गाइड पर्यटकों को रास्तों की जानकारी देने के साथ जंगल में सुरक्षित ट्रैकिंग करने में मदद करेंगे.

अर्नव के लापता होने के बाद सुरक्षा पर उठे सवाल

नयना पीक और कैमल्स बैक क्षेत्र में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर नारायण नगर वार्ड के सभासद भगवत रावत ने वन विभाग और प्रशासन से व्यवस्थाएं मजबूत करने की मांग की है. 11 दिन पूर्व नयना पीक से लौटते समय बीटेक छात्र अर्नव सिंह के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने की घटना के बाद ट्रैकिंग मार्गों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं. सभासद भगवत रावत का कहना है कि नयना पीक और कैमल्स बैक क्षेत्र नारायण नगर वार्ड के अंतर्गत आता है. ऐसे में वन विभाग और प्रशासन को ट्रैकिंग मार्गों पर प्रवेश और निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए. हर पर्यटक की एंट्री दर्ज हो और उनकी संख्या का रिकॉर्ड रखा जाए, ताकि यह पता चल सके कि ट्रैकिंग के लिए गए सभी पर्यटक वापस लौटे हैं या नहीं. उन्होंने संवेदनशील और जोखिम वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने, रास्तों पर साइन बोर्ड स्थापित करने और पर्यटकों के साथ प्रशिक्षित गाइड अथवा स्थानीय युवाओं को भेजने की मांग की है. इसके साथ ही बारिश के दौरान बचाव के लिए पहाड़ी रास्तों पर सुरक्षित विश्राम स्थल या समर हाउस बनाने, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत और सुरक्षा दीवारों का निर्माण करने पर भी जोर दिया है.

दिसंबर-जनवरी तक शुरू हो सकता है टिकट काउंटर

नयना देवी वन क्षेत्र के रेंजर मोहन कार्की के अनुसार, टांकी बैंड पर नैना पीक जाने वाले पर्यटकों के लिए पहले से ही प्रवेश और निकासी का स्थान निर्धारित है, जहां टिकट जारी किए जाते हैं. इसके अलावा सत्यनारायण मंदिर के समीप नया टिकट काउंटर बनाया जा रहा है. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दिसंबर-जनवरी तक इसे सुचारु करने की योजना है. कैमल्स बैक क्षेत्र में भी टिकट काउंटर स्थापित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है. स्वीकृति मिलने के बाद इस दिशा में काम शुरू किया जाएगा. वहीं, नेचर गाइड और बर्ड वॉचर की तैनाती के लिए भी शासन को प्रस्ताव भेजा गया है. अनुमति मिलने के बाद पर्यटकों के साथ गाइडों की तैनाती की जाएगी, जिससे उन्हें सुरक्षित रास्तों की जानकारी मिलेगी और जंगल में भटकने जैसी घटनाओं की आशंका कम होगी.

टिफिन टॉप मार्ग की घटना ने भी उठाए सुरक्षा सवाल

बीते दिनों टिफिन टॉप जाने वाले मार्ग पर क्षतिग्रस्त रास्ते से एक घोड़े के गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस घटना ने पहाड़ी ट्रैकिंग मार्गों की बदहाल स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की कमी को फिर उजागर किया. स्थानीय लोगों का मानना है कि केवल टिकट और निगरानी व्यवस्था ही पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि ट्रैकिंग मार्गों की नियमित जांच, मरम्मत, सुरक्षा दीवारों और चेतावनी संकेतों की व्यवस्था भी जरूरी है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद नैना पीक और आसपास के ट्रैकिंग मार्गों पर पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुल सकते हैं. अब पर्यटकों को जंगल की सैर केवल रोमांच के लिए ही नहीं, बल्कि प्रकृति, वन्यजीव और पहाड़ों की जानकारी के साथ करने का अवसर मिलेगा.



Source link