Indore: 30 दिन के बच्चे के पेट में पल रहा था दूसरा भ्रूण, 4 घंटे की सर्जरी और हो गया बड़ा कमाल

Indore: 30 दिन के बच्चे के पेट में पल रहा था दूसरा भ्रूण, 4 घंटे की सर्जरी और हो गया बड़ा कमाल


Last Updated:

इंदौर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को अंचभित कर दिया है. यहां पर 30 दिन के मासूम बच्चे के पेट में एक दूसरा भ्रूण पल रहा था. इसके बाद परिजनों को काफी चिंता हुई, तो वह डॉक्टर्स के पास पहुंचे. बाद में डॉक्टर्स ने 4 घंटे की सर्जरी के बाद ऑपरेशन कर दिया और भ्रूण को बाहर निकाल दिया. बताया जा रहा है कि यह बीमारी पांच लाख जीवित बच्चों में से किसी एक में पाई जाती है.

Zoom

30 दिन के मासूम के पेट में पल रहा था दूसरा भ्रूण

Indore News: इंदौर में मेडिकल जगत का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां 30 दिन के नवजात के शरीर के अंदर दूसरा अविकसित भ्रूण मिला, जिसे डॉक्टरों ने करीब 4 घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया. इस दुर्लभ जन्मजात विकृति को फीटस-इन-फीटू (Fetus in Fetu) कहा जाता है. आम भाषा में इसे ‘बच्चे के अंदर बच्चा’ होना भी कहते हैं. यह बीमारी बेहद दुर्लभ है और लगभग 5 लाख जीवित बच्चों में से किसी एक में पाई जाती है.

डॉक्टर्स ने किया ऑपरेशन
मामला इंदौर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग का है. इंदौर के रहने वाले कुनाल वर्मा और दीपमाला वर्मा के 30 दिन के बेटे अयांश में गर्भावस्था के आठवें महीने में ही इस विकृति की आशंका सामने आ गई थी. जन्म के बाद बच्चे को जांच और इलाज के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जांच के बाद 4 नवंबर 2026 को डॉक्टरों की टीम ने उसका ऑपरेशन किया.

अविकसित भ्रूण में विकसित थे हाथ-पैर
ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों को बच्चे के शरीर के अंदर मौजूद अविकसित भ्रूण में दो पैर, दो हाथ, जननांग और रीढ़ की हड्डी का कुछ हिस्सा विकसित अवस्था में मिला. करीब साढ़े तीन से चार घंटे तक चली सर्जरी में डॉक्टरों ने इस अविकसित भ्रूण को बाहर निकाला. ऑपरेशन के बाद नवजात को विशेष देखभाल और निगरानी के लिए अस्पताल के पीडियाट्रिक सर्जरी NICU में रखा गया.

क्या होती है फीटस-इन-फीटू बीमारी?
फीटस-इन-फीटू एक बेहद दुर्लभ जन्मजात विकृति है. इसमें गर्भ में विकसित हो रहे जुड़वां भ्रूणों में से एक भ्रूण का विकास रुक जाता है. फिर वह दूसरे सामान्य रूप से विकसित हो रहे भ्रूण के शरीर के अंदर समाहित हो जाता है. अंदर मौजूद अविकसित भ्रूण में हड्डियों, हाथ-पैर और दूसरे अंगों की संरचनाएं विकसित हो सकती हैं, लेकिन वह स्वतंत्र रूप से जीवित नहीं रह सकता.

इस विकृति के लगभग 80 प्रतिशत मामले पेट के पिछले हिस्से में पाए जाते हैं. इसका मुख्य इलाज सर्जरी के जरिए अविकसित भ्रूण को बाहर निकालना है. इस जटिल ऑपरेशन को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के डॉक्टर्स ने संभव बनाया है. इसका नेतृत्व पीडियाट्रिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक लड्ढा ने किया.

(रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता)



Source link