Last Updated:
Bharat Taxi News: उत्तर प्रदेश सरकार ने बीते बुधवार को भारत टैक्सी की शुरुआत की. इस दौरान भारत टैक्सी ड्राइवर्स के साथ-साथ कैबिनेट मंत्री और सीएम योगी भी मौजूद रहे. कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने ड्राइवरों से बातचीत की.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने ड्राइवर से की बातचीत.
लखनऊः उत्तर प्रदेश सरकार ने सूबे में भारत टैक्सी की शुरुआत की. इससे करीब 50 हजार टैक्सी ड्राइवर जुड़ेंगे. भारत टैक्सी सेवा में ड्राइवरों से कमीशन नहीं लिया जाएगा. साथ ही उन्हें 5 लाख रुपये के बीमा का भी लाभ मिलेगा. इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सहित सूबे के तमाम मंत्री मौजूद थे. इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कार्यक्रम में मौजूद ड्राइवरों से बातचीत की. डिप्टी सीएम ने एक ड्राइवर से बात करते हुए पूछा कि कौन सी गाड़ी खरीदे हो, तो ड्राइवर ने कहा कि वैगन आर. फिर डिप्टी सीएम ने कहा कि वैग्नआर का एवरेज भी बढ़िया है. कित्ता देती है, बाइस-वाइस देती है या और ज्यादा. लोकल में 20-22 देत है, बाहर तो और ज्यादा देत होई. 28-30 ऐसे ही चांपे रहो, सबकुछ खरीदवा दो. कोई बेरोजगार बच्चा नहीं बचेगा, नौजवान, सब लोग खरीदें गाड़ी और लोन देने की व्यवस्था जेपी एस राठौड़ जी और परिवहन मंत्री जी करेंगे और कम पड़ा तो सीएम योगी देंगे.
इन शहरों में पहले से चल रही है भारत टैक्सी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भारत टैक्सी सेवा और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना शुरू की जिसके तहत छोटे एवं सीमांत किसानों को छह प्रतिशत की ब्याज दर पर दीर्घकालीन ऋण मिलेगा. देश के पहले सहकारिता आधारित प्लेटफॉर्म भारत टैक्सी का परिचालन सहकार टैक्सी सहकारिता लिमिटेड द्वारा किया जाएगा. भारत टैक्सी पहले से ही लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में चल रही है.
सीएम योगी ने कहा- यह पूरे देश की टैक्सी है
यहां एक कार्यक्रम में इस पहल को ड्राइवरों को सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मान उपलब्ध कराने वाला साधन बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक उनके लिए कोई सुरक्षा नहीं थी, उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया गया और गरीब व्यक्ति की गरिमा का भी ध्यान नहीं रखा गया. उन्होंने कहा कि इस सेवा के तहत भारत टैक्सी में शामिल ड्राइवरों को कमीशन नहीं देना पड़ेगा और उन्हें पांच लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा का कवरेज मिलेगा. आदित्यनाथ ने कहा कि पहली बार, भारत टैक्सी के जरिए जब एक व्यक्ति अपने वाहन पर भारत टैक्सी ब्रांड लगाता है, तो वह गर्व महसूस करेगा कि यह टैक्सी केवल यात्रियों को ले जाने के लिए नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की टैक्सी है. उन्होंने कहा कि इस सेवा के लिए लखनऊ हवाईअड्डा, लखनऊ मेट्रो और लखनऊ पुलिस के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया है.