सारण में भूमिहीनों को जमीन देगी सरकार, इस तारीख तक पंचायत स्तर पर जमा करें आवेदन

सारण में भूमिहीनों को जमीन देगी सरकार, इस तारीख तक पंचायत स्तर पर जमा करें आवेदन


Last Updated:

सारण जिले के भूमिहीन परिवारों को सरकार रहने के लिए जमीन देगी. इसके लिए ‘अभियान बसेरा-2’ के तहत विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं. जिले की सभी 318 पंचायतों में 28 सितंबर तक शिविर चलेंगे. इच्छुक पात्र भूमिहीन परिवार सुबह 6 से दोपहर 3 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं.

ख़बरें फटाफट

सारणः छपरा के भूमिहीन परिवारों को वास भूमि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान शुरू किया गया है. अभियान बसेरा-2 के तहत जिले की सभी 318 पंचायतों में 28 सितंबर तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. इन शिविरों में पात्र भूमिहीन परिवारों से वास भूमि के पर्चा के लिए आवेदन प्राप्त किए जाएंगे और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

अभियान बसेरा-2
भूमिहीन परिवारों को वास भूमि उपलब्ध कराने के लिए अभियान बसेरा-2 चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत, 28 सितंबर तक लगातार सात दिनों तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य भूमिहीन परिवारों से आवेदन प्राप्त करना और उन्हें वास भूमि का पर्चा प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू करना है.

इस संबंध में सारण के जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई. बैठक में संबंधित जिला और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे. जिला पदाधिकारी ने शिविरों के सफल संचालन और व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए निर्देश दिए.

शिविरों का संचालन
निर्देशों के अनुसार जिले की सभी 318 पंचायतों में 28 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. प्रत्येक पंचायत में आवेदन प्राप्त करने के लिए निर्धारित प्रपत्र और पंजी उपलब्ध होगी. आवेदन प्रपत्र में क्यूआर कोड भी अंकित रहेगा. पंचायत स्तर पर प्रतिनियुक्त कर्मी आवेदकों से आवेदन प्राप्त करेंगे .जिन आवेदकों को आवेदन भरने में कठिनाई होगी, उन्हें सहायता प्रदान करने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा पंचायत स्तर पर कर्मी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी.

आवेदन भरने के बाद आवेदक को निर्धारित स्थान पर हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान लगाना होगा और आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने होंगे. प्रत्येक शिविर में प्राप्त आवेदनों का पंजी में विधिवत संधारण किया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई तत्काल शुरू की जाएगी. सभी प्रखंडों के वरीय/प्रभारी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में शिविरों की तैयारियों और संचालन का निरंतर अनुश्रवण सुनिश्चित करेंगे.

प्रचार-प्रसार के निर्देश
विशेष शिविरों के संबंध में आम लोगों को जानकारी उपलब्ध कराने के लिए फ्लेक्स और होर्डिंग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.



Source link