Last Updated:
Nishant Kumar News : बिहार में सम्राट चौधरी के कार्यक्रम में निशांत कुमार के साथ हुई धक्का-मुक्की पर JDU ने नाराजगी जताई है. जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने पुलिस मुख्यालय से दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
सम्राट चौधरी के कार्यक्रम में निशांत कुमार के साथ हुई धक्का-मुक्की पर नीरज कुमार ने नाराजगी जताई है.
पटना. बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम के दौरान निशांत कुमार के साथ कथित धक्का-मुक्की का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. इस घटना को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है. मुख्यमंत्री के सुरक्षा घेरे में तैनात सुरक्षाकर्मियों द्वारा निशांत कुमार को पीछे हटाने और धक्का देकर रास्ते से हटाने का वीडियो सामने आने के बाद जेडीयू ने पुलिस मुख्यालय से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है. पार्टी ने इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की है.
जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिस तरह का वीडियो सामने आया है, वह बेहद दुखद है. इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए थी. पुलिस मुख्यालय को तत्काल इसका संज्ञान लेकर जरूरी कार्रवाई करनी चाहिए.
अधिकारियों पर लगाम लगाने के फैसले का किया समर्थन
नीरज कुमार ने सरकारी योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रमों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के फैसले का भी समर्थन किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का निर्णय बिल्कुल सही है. कई जिलों से शिकायतें मिल रही थीं कि सरकारी कार्यक्रमों में अधिकारी जरूरत से ज्यादा सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान नहीं मिल रहा है.
उन्होंने कहा कि शिकायतों के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लिया और उनके निर्देश पर मुख्य सचिव ने आदेश जारी किया है. अब सरकारी योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रमों में अधिकारियों को अपना नाम लिखवाने और खुद उद्घाटन करने से बचना होगा. साथ ही संबंधित जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में आमंत्रित करना होगा. नीरज कुमार ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को उनका अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए. सरकारी योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है. सरकार का यह फैसला अधिकारियों की मनमानी पर लगाम लगाने वाला है.
नीतीश कुमार की राह पर चल रहे सम्राट चौधरी!
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बिहार दौरे और विकास योजनाओं की समीक्षा के कार्यक्रम को भी नीरज कुमार ने सकारात्मक पहल बताया. उन्होंने इसका श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देते हुए कहा कि जिलों में जाकर विकास कार्यों की समीक्षा करने और योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने की परंपरा नीतीश कुमार ने शुरू की थी. नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में कई यात्राएं कीं. इस दौरान उन्होंने बिहार के अलग-अलग जिलों में जाकर विकास योजनाओं की स्थिति देखी और आम लोगों से संवाद किया. इन यात्राओं का बिहार के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है.
उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी जिलों का दौरा कर विकास योजनाओं की समीक्षा करने का कार्यक्रम बनाया है. यह अच्छी पहल है. मुख्यमंत्री जब खुद जिलों में जाकर योजनाओं की स्थिति देखेंगे, अधिकारियों से जवाब मांगेंगे और कामकाज की समीक्षा करेंगे तो विकास कार्यों में तेजी आएगी.