अभी बहुत टाइम है… नए चीफ सिलेक्टर चुनने से टेंशन फ्री BCCI, सैकिया का जवाब
Last Updated:
BCCI new chief selector: अजीत अगरकर ने 18 सितंबर को बीसीसीआई को सूचित किया था कि वह भारतीय मेंस सिलेक्शन कमिटी के अध्यक्ष के तौर पर अपने तीन साल के कार्यकाल का विस्तार नहीं चाहते हैं. ऐसे में अब ये सवाल तेज हो चुका है कि अगरकर की जगह कौन लेगा? इस बारे में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया से सवाल पूछे जाने पर उन्होंने बेफिक्री से जवाब दिया.
अजीत अगरकर की विदाई पर सैकिया का बयान
नई दिल्ली: अब जब ये तय हो चुका है कि बतौर चीफ सिलेक्टर चार अक्टूबर को अजीत अगरकर का आखिरी दिन होगा. भारतीय सीनियर मेंस क्रिकेट टीम के नए मुख्य चयनकर्ता की तलाश तेज हो चुकी है. हर कोई ये जानना चाहता है कि अगरकर का उत्तराधिकारी कौन होगा? वो कौन सा चेहरा होगा, जो इस कुर्सी में बैठेगा और अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत की टीम चुनेगा? इस बारे में जब बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया से सवाल किया गया तो वह पूरी तरह बेफिक्र नजर आए.
देवजीत सैकिया ने बुधवार को कहा कि बोर्ड के पास मौजूदा चयन समिति के पास अभी पर्याप्त समय है और इस पद को लेकर कोई भी फैसला चार अक्टूबर के बाद ही लिया जाएगा. सैकिया ने पीटीआई वीडियो से कहा:
जहां तक अजीत अगरकर का सवाल है, उनका कार्यकाल चार अक्टूबर को खत्म होने जा रहा है और हमारे पास चार अक्टूबर तक पर्याप्त समय है. चार अक्टूबर के बाद जो जगह खाली होगी, उस बारे में फैसला लिया जाएगा. बीसीसीआई द्वारा कोई भी फैसला किए जाने के बाद हम निश्चित रूप से इसकी सार्वजनिक रूप से घोषणा करेंगे.
पार्थिव पटेल और प्रज्ञान ओझा का नाम सबसे आगे
मीडिया रिपोर्ट्स में अजीत अगरकर की जगह लेने के लिए पूर्व भारतीय विकेटकीपर बैटर पार्थिव पटेल और स्पिनर प्रज्ञान ओझा का नाम सबसे आगे चल रहा है. प्रज्ञान ओझा मौजूदा सिलेक्शन कमिटी के सीनियर मेंबर हैं और साउथ जोन के प्रतिनिध् हैं जबकि पार्थिव पटेल की एंट्री वेस्ट जोन से हो सकती है, जो अजीत अगरकर की विदाई के बाद जगह खाली होगी.
बीसीसीआई सचिव ने उम्मीद जताई कि भारतीय पुरुष टीम भी महिला टीम की उपलब्धि दोहराएगी, जिसने जापान में एशियाई खेलों के क्रिकेट इवेंट में स्वर्ण पदक जीता है. सैकिया ने कहा:
हमें बहुत गर्व है और देश उनकी शानदार जीत का जश्न मना रहा है. महिला टीम ने वास्तव में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और वह एक साल से अधिक समय से अपनी जीत की लय बरकरार रखे हुए है. जहां तक पुरुष टीम का सवाल है, हमारा अभियान 28 तारीख से शुरू हो रहा है और फाइनल तीन अक्टूबर को है.’
भारतीय मेंस क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 28 तारीख से करेगा. टीम इंडिया गोल्ड मेडल डिफेंड करने की प्रबल दावेदार है. तीन अक्टूबर को फाइनल होना है. पिछली मर्तबा रुतुराज गायकवाड़ कप्तान थे, इस बार श्रेयस अय्यर की कैप्टेंसी में टीम जापान गई है.