अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से नियुक्त किए गए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने अयोध्या में कार्यभार संभालने के बाद मंदिर की व्यवस्थाओं और सुरक्षा को लेकर अपनी सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है. कार्यभार संभालते ही उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों, दर्शन व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है. उनका जोर राम भक्तों को बेहतर और सुगम दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ-साथ मंदिर की व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही को रोकने पर है.
आवास के बाहर भी CCTV से निगरानी
जितेंद्र मिश्रा के कार्यभार संभालने के बाद उनके आवास के बाहर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इसके साथ ही यात्री सुविधा केंद्र स्थित उनके कार्यालय में भी सीसीटीवी कनेक्शन बढ़ाने की कवायद चल रही है. मंदिर परिसर और उससे जुड़े महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी है. बताया जा रहा है कि राम मंदिर परिसर के करीब 42 संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के संकेत दिए गए हैं.
कर्मचारियों की निगरानी के लिए समिति
राम मंदिर में अलग-अलग निजी संस्थानों और एजेंसियों से जुड़े कर्मचारी भी व्यवस्थाओं में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. ऐसे कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों की निगरानी को लेकर भी CEO जितेंद्र मिश्रा ने सख्त रुख अपनाया है. कर्मचारियों की निगरानी के लिए एक समिति गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है. इसका उद्देश्य यह देखना होगा कि जिस कर्मचारी को जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका वह सही तरीके से पालन कर रहा है या नहीं.
निजी संस्थानों के कर्मचारियों के साथ बैठक
जितेंद्र मिश्रा ने निजी संस्थानों से मंदिर की व्यवस्थाओं में जुड़े कर्मचारियों के साथ बैठक भी की. बैठक में उन्होंने राम भक्तों की सुविधा, दर्शन व्यवस्था और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं को लेकर कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता के साथ निभाएं.
लापरवाही पर तत्काल सूचना देने के निर्देश
CEO की ओर से कर्मचारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि अगर किसी स्तर पर कोई असुविधा, अनियमितता या गड़बड़ी दिखाई देती है तो उसकी तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों को दी जाए. किसी घटना की जानकारी होने के बावजूद उसे नजरअंदाज करने या सूचना देने में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई के संकेत भी दिए गए हैं.
दर्शन पास व्यवस्था पर भी निगाह
मुख्य कार्यकारी अधिकारी की जिम्मेदारियों में राम मंदिर ट्रस्ट के अधीन व्यवस्थाओं को बेहतर करना शामिल है. खासतौर पर विशिष्ट दर्शन पास, सुगम दर्शन पास, वीआईपी और वीवीआईपी मूवमेंट तथा मंदिर में तैनात कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर विशेष निगरानी की जा रही है. दर्शन व्यवस्था में पारदर्शिता और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर है.
जितेंद्र मिश्रा के कार्यभार संभालने के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर गतिविधियां तेज हुई हैं. सीसीटीवी नेटवर्क का विस्तार, कर्मचारियों की निगरानी और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े निर्देशों के जरिए मंदिर की व्यवस्थाओं को और व्यवस्थित करने की दिशा में काम किया जा रहा है. आने वाले दिनों में इन व्यवस्थाओं में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं.