Last Updated:
Himachal Fake Medicine Factory Raid: यूपी एसटीएफ और एफएसडीए ने हिमाचल के नालागढ़ में छापेमारी कर नकली दवाओं की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. वाराणसी में पकड़ी गई नकली दवाओं की जांच के बाद इस अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ.
सोलन जिले के नालागढ़ में यह छापेमारी की गई.
वाराणसी/नालागढ़. हिमाचल प्रदेश में यूपी एसटीएफ और फूड सेफ्टी विभाग (एफएसडीए) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. यहां पर नकली दवाओं की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है. यूपी एसटीएफ और एफएसडीए ने संयुक्त छापेमारी की और नकली दवाओं के अंतरराज्यीय नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है.
जानकारी के अनुसार, सोलन जिले के नालागढ़ में यह छापेमारी की गई. इस दौरान हिमाचल प्रदेश के फूड सेफ्टी विभाग की टीम भी कार्रवाई में शामिल रही. बताया जा रहा है कि नालागढ़, राजपुरा और खेड़ा बाईपास इलाके में छापेमारी की गई.
वाराणसी के एफएसडीए कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि छापेमारी के दौरान फैक्ट्री चालू हालत में मिली और यूनिट में नकली दवाओं के निर्माण की गतिविधियां चलती पाई गई हैं. फैक्ट्री से ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, पैकिंग मशीन और कैप्सूल फिलिंग मशीन भी मिली. इसके अलावा, प्रिंटेड फॉइल और स्टीरियो प्रिंटिंग उपकरण भी बरामद किए गए हैं. यूनिट को स्थानीय ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन और पुलिस के हवाले किया गया.
एफएसडीए कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि वाराणसी के रोहनिया में नकली दवाओं का स्टॉक पकड़े जाने के बाद जांच की गई थी. 17 प्रकार की दवाओं के सोर्स को ट्रेस करते हुए जांच हिमाचल तक पहुंची और फिर पैन-डी (Pan-D) और प्रेगाब्लिन(Pregabalin) आधारित दवाएं नकली पाई गईं. Pan-D दवा एसिडिटी, गैस और पेट की जलन और Pregabalin नसों के दर्द के लिए दी जाती है. साथ ही Cefixime-Azithromycin और Amoxycillin-Clavulanate जैसी महंगी ब्रांडेड दवाएं भी जांच के दायरे में हैं. जांच में वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ की कड़ियां जोड़कर अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ. इसके अलावा, जीरोडोल एसपी, मांटिना एल, रेबिसेक एलएस, क्लैवेम 625, शेलकाल 500 और टैक्सिम ओ 200 समेत अन्य दवाओं से जुड़ी सामग्री भी मिली है. इनकी गुणवत्ता और प्रामाणिकता की जांच की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि नकली दवाओं की आपूर्ति किन राज्यों, शहरों में की जा रही थी और इस अवैध कारोबार में कौन कौन लोग जुड़े हैं.
हिमाचल में सरकार-प्रशासन सोया हुआ है और UP से STF और FSDA की टीम नालागढ़ में नकली दवाओं की फैक्ट्री पर रेड डाली. लगातार यहां बनी दवाओं के सैंपल फेल हो रहे और कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं है. 85 साल के स्वास्थ्य मंत्री को अब आराम करना चाहिए.
@CMOFFICEHP https://t.co/dD36BjoML1