नई दिल्ली (How to Choose Good School). एडमिशन का दौर शुरू होते ही पेरेंट्स की भागदौड़ शुरू हो जाती है. कभी ब्रोशर पलटते हैं, कभी फीस की शीट मिलाते हैं तो कभी बोर्ड रिजल्ट पर नजर टिकाते हैं. स्कूल विजिट के दौरान स्विमिंग पूल, चमचमाती लैब और डिजिटल बोर्ड दिखाए जाते हैं. पहली नजर में सब कुछ बहुत आकर्षक लगता है. लेकिन इन चमक-दमक वाली चीजों के बीच हम एक बड़ा सवाल भूल जाते हैं. एडमिशन सीजन से इतर, किसी आम मंगलवार की सुबह क्लास का हाल क्या होता है?
बच्चे के लिए बेस्ट स्कूल कैसे चुनें?
मान लीजिए 2 अलग-अलग क्लासों में ‘पौधों को धूप क्यों चाहिए’ विषय पढ़ाया जा रहा है. एक क्लास में टीचर परिभाषा लिखवाती हैं और बच्चे रट लेते हैं. दूसरी में बच्चे 2 गमले रखते हैं- एक धूप में, एक अंधेरे में. हफ्तेभर बाद वे देखते हैं, लिखते हैं और वजह पर चर्चा करते हैं. सिलेबस दोनों जगह पूरा हुआ, पर दिमाग से सोचना दूसरी क्लास ने सिखाया. इसलिए स्कूल चुनते समय कम से कम 15 मिनट किसी क्लास में बैठने की इजाजत मांगें. वहां देखें कि ज्यादा कौन बोल रहा है- टीचर या बच्चे? जहां सवाल गूंजते हैं, वहीं सीखना जिंदा रहता है.
रिपोर्ट कार्ड से आगे बढ़कर सोचें
किसी स्कूल का 95 प्रतिशत रिजल्ट सिर्फ टॉपर्स की कहानी कहता है, उन बच्चों की नहीं जो पीछे छूट रहे हैं. मान लीजिए किसी बच्चे को मैथ्स विषय मुश्किल लगता है. एक स्कूल लाल निशान लगाकर पल्ला झाड़ लेता है. वहीं, एक बेहतर स्कूल समझता है कि दिक्कत मैथ्स में नहीं, बल्कि सवाल को पढ़कर समझने में है और वहां उसी पर काम किया जाता है. अच्छे स्कूल में टेस्ट रैंक बांटने के लिए नहीं, बच्चे की मदद करने के लिए होते हैं.
डर नहीं, भरोसे का माहौल चाहिए
अगर किसी बच्चे को जवाब पता है, फिर भी वह हाथ नहीं उठाता क्योंकि उसे मजाक बनने का डर है तो समझिए कि वहां सीखने का माहौल कमजोर है. अनुशासन का मतलब डराना नहीं, बल्कि बच्चे में खुद की जिम्मेदारी का भाव जगाना है. गौर करें कि कॉरिडोर में टीचर बच्चों से किस लहजे में बात करते हैं, चिढ़ाने या बुलिंग के मामलों को कैसे संभाला जाता है. साथ ही यह भी पता कीजिए कि क्या बच्चे के पास अपनी बात कहने के लिए कोई भरोसेमंद टीचर है.
स्पोर्ट्स, आर्ट्स और प्रैक्टिकल अनुभव
डांस, म्यूजिक, स्पोर्ट्स और थिएटर सिर्फ टाइमपास नहीं हैं. जो बच्चा बोलने में झिझकता है, कई बार वही स्टेज पर अपनी आवाज पाता है. हारा हुआ मैच भी बच्चों को हार स्वीकार करना और टीमवर्क सिखाता है. जब बच्चे अपनी सोसायटी में पानी की बर्बादी का सर्वे करते हैं तो मैथ्स, साइंस और नागरिकता तीनों एक साथ जुड़ जाते हैं. पेरेंट्स के तौर पर आप स्कूल से पता कर सकते हैं कि क्या वे बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए मॉडर्न दुनिया को समझने के लिए तैयार करते हैं?
सही सवाल पूछें, सही फैसला लें
एडमिशन से पहले खुद से और स्कूल से पूछें कि कमजोर बच्चे के लिए क्या मदद मिलती है? हर बच्चे की प्रोग्रेस कैसे देखी जाती है? पेरेंट्स से बातचीत का तरीका क्या है? याद रखें, अच्छा स्कूल हर बच्चे को एक ही सांचे में नहीं ढालता, बल्कि उसकी अपनी खूबी को निखारता है. स्कूल चुनते वक्त यह न देखें कि बच्चा कितनी ऊंचाई तक पहुंचेगा, बल्कि यह देखें कि वहां से निकलकर वह कितना समझदार, संवेदनशील और जिम्मेदार इंसान बनेगा.