पुतिन के परमाणु ब्रीफकेस में क्या है, जिसे लेकर शेन्झेन पहुंचे रूसी राष्ट्रपति
Last Updated:
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन अपने साथ न्यूक्लियर ब्रीफकेस लेकर शेन्झेन पहुंचे हैं. रशियन टीवी मीडिया ने इसका फुटेज जारी किया है. इसमें सेना के अधिकारी अपने हाथ में दो ब्रीफकेस लेकर चल रहे हैं. शेन्झेन में ये तब दिखाई दिया जब पुतिन जिनपिंग से मुलाकात के बाद बाहर निकले. इतिहास में सिर्फ 1995 ऐसा साल था जब इस न्यूक्लियर ब्रीफकेस को एक्टिव किया गया था.
चीन के शेन्झेन में पहुंचे पुतिन न्यूक्लियर ब्रीफकेस लेकर पहुंचे हैं. (फोटो-सोशल मीडिया)
Putin in APEC Summit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन चीन के शेन्झेन में हैं. यहां वे चीन के राष्ट्रपित शी जिनपिंग और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करने वाले हैं. इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा में वो ब्रीफकेस है, जिसे पुतिन अपने साथ लेकर चीन में आयोजित APEC Summit में पहुंचे हैं. कीव पोस्ट और रशियन टीवी ने इसकी पुष्टि की है. कीव पोस्ट ने इसका एक वीडियो भी पोस्ट किया है, जिसमें पुतिन को चीनी प्रेसिडेंट जिनपिंग से मीटिंग के बाद सिक्योरिटी से घिरा हुआ दिखाया गया है. इसके पीछे दो रशियन नेवी अफसर हैं, जिनके हाथ में एक एक ब्रीफकेस है. वीडियो के आखिर में कैमरा पोर्टेबल न्यूक्लियर हब यानी परमाणु ब्रीफकेस तक जाता है जिसे चेगेट के नाम से जाना जाता है.
पुतिन के न्यूक्लियर ब्रीफकेस को चेगेट नाम से जाना जाता है. यह कोई साधारण अटैची नहीं है. यह वो जरिया है जिसे जरिए पुतिन एक सेकेंड में परमाणु हथियारों के इस्तेमाल का आदेश देने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं. यह एक तरह का परमाणु कमांड एंड कंट्रोल डिवाइस है,. जो राष्ट्रपति को सीधे रूस की सैन्य लीडरशिप और परमाणु बलों से सिक्योर संचार का जरिया है. रूस की तरह ही अमेरिका के न्यूक्लियर ब्रीफक्रेस को न्यूक्लियर फुटबॉल कहते हैं, जिसे अमेरिकी नेवी के अधिकारी साथ लेकर चलते हैं.
न्यूक्लियर ब्रीफकेस में क्या होता है?
न्यूक्लियर ब्रीफकेस में क्या होता है, ये तो आज तक सार्वजिनक नहीं किया गया, लेकिन 2019 में रूस के सरकारी सैन्य चैनल Zvezda ने इसका एक पुराना मॉडल जरूर दिखाया था. उसमें एक सफेद रंग का लॉन्च बटन और लाल रंग का कैंसल बटन दिखाई दिया था. हालांकि वर्तमान के न्यूक्लियर ब्रीफकेस में भी वही व्यवस्था है, ये नहीं कहा जा सकता. सैन्य सूत्रों के मुताबिक इसमें एक सिक्योर कम्युनिकेशन सिस्टम होता है जिससे रूस के राष्ट्रपति किसी से भी संपर्क कर सकते हैं. दूसरा हिस्सा कमांड टर्मिनल का होता है जो परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से जुड़े आदेश को पल भर में ही आगे भेजता है. इसमें डिस्पले और कंट्रोल के लिए भी सिस्टम होता है.
ये प्रतीकात्मक तस्वीर है, 2019 में सामने आई न्यूक्लियर ब्रीफकेस की तस्वीर पर आधारित है. (फोटो-AI)
कब से राष्ट्रपति के पास है ये ब्रीफकेस
रूस ने अपने परमाणु ब्रीफकेस को चेगेट नाम दिया है. यह काकेशस पर्वत के माउंट चेगेट के नाम पर रखा गया है. रूसी मीडिया के मुताबिक पहली बार इसका प्रयोग 1980 के दशक में सोवियत नेता यूरी आंद्रोपोव के कार्यकाल में किया गया था. 1985 में जब मिखाइल गोर्बाचेव ने सत्ता संभाली तो इसे आधिकारिक तौर पर सेवा में शामिल किया गया और तब से राष्ट्रपति के पास इसे अनिवार्य रूप से रखा जाता है. पुतिन को यह परमाणु ब्रीफकेस दिसंबर 1999 में सौंपा गया था जब वह पहली बार सत्ता में आए थे.
कैसे काम करता है चेगेट?
ब्रीफकेस में रूस की एक प्रणाली काजबेक के तहत सिक्योर कम्युनिकेशन सिस्टम होता है. यह किसी भी खतरे की स्थिति में एक्टिव होता है. सबसे पहले रूस की रडार प्रणाली दुश्मन के संभावित खतरे की सूचना सैन्य कमान तक पहुंचाती है. राष्ट्रपित से आदेश मांगा जाता है. राष्ट्रपति को ये तय करना होता है कि न्यूक्लियर अटैक किया जा सकता है या नहीं. न्यूक्लियर ब्रीफकेस के जरिए ही वह सिक्योर कम्युनिकेशन से आदेश जनरल स्टाफ तक पहुंचाते हैं और इसके बाद सैन्य कार्रवाई होती है.
क्या आज तक कभी हुआ है चेगेट का इस्तेमाल?
45 साल से ज्यादा समय से रूस के राष्ट्रपित के साथ चल रहे परमाणु ब्रीफकेस का प्रयोग अब तक के इतिहास में एक बार प्रयोग होने की बात सामने आई है. ऐसा हुआ था 25 जनवरी 1995 को. जब चेगेट को पहली बार वास्तविक आपातकालीन चेतावनी की स्थिति में एक्टिव किया गया था. उस समय रूस के राष्ट्रपति बोरिस येल्तसिन थे. दरअसल उस दिन नॉर्वे और अमेरिका के वैज्ञानिकों ने एक रिसर्च रॉकेट ब्रांट को लॉन्च किया था.
रूस की रडार प्रणाली ने उसे संभावित दुश्मन मिसाइल की तरह देखा. रूसी अधिकारियों ने समझा कि ये परमाणु हमले की शुरुआत हो सकती है. ब्रीफकेस को ओपन कर इमरजेंसी के लिए तैयार कर लिया गया, हालांकि जैसे ही स्पष्ट हुआ ये रिसर्च रॉकेट है तो रूस ने राहत की सांस ली.