15 करोड़ का सोना लूटा, शोरूम में घुसकर लहराया पिस्टल, देखें अंदर का पूरा वीडियो

15 करोड़ का सोना लूटा, शोरूम में घुसकर लहराया पिस्टल, देखें अंदर का पूरा वीडियो


Last Updated:

Bettiah News: बेतिया के सेनको ज्वेलरी शोरूम में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े करोड़ों के गहने लूट लिए. पिस्टल लहराते अपराधियों की पूरी करतूत CCTV में कैद हुई है. पुलिस ने 8 अपराधियों की पहचान का दावा किया है.

Zoom

बेतिया ज्वेलरी शॉप लूट केस का सीसीटीवी फुटेज.

बेतियाः बिहार के बेतिया में दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम में बड़ी लूट हुई. करीब 8 हथियारबंद अपराधी सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में घुसे और कर्मचारियों को पिस्टल दिखाकर डराया. विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई. इसके बाद अपराधी शोरूम से करोड़ों रुपये के सोने और हीरे के गहने लेकर फरार हो गए. पूरी वारदात शोरूम में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. वीडियो में अपराधियों की बेखौफ हरकतें दिख रही हैं. पुलिस ने 8 अपराधियों की पहचान करने का दावा किया है और 3 संदिग्धों से पूछताछ कर रही है.

DIG ने 7 घंटे तक की जांच
लूटकांड की गंभीरता को देखते हुए DIG हरकिशोर राय खुद जांच का नेतृत्व कर रहे हैं. वह पुलिस टीम के साथ शोरूम पहुंचे और करीब 7 घंटे तक एक-एक पहलू की जांच की. इस दौरान शोरूम के कर्मचारियों से पूछताछ की गई और CCTV फुटेज भी खंगाले गए. DIG के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस को कई अहम इनपुट मिले हैं. कुछ अपराधियों की पहचान भी कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है. बिहार STF की टीमें भी इस मामले में काम कर रही हैं.

मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में छापेमारी
पुलिस को इस लूटकांड के तार मुजफ्फरपुर समेत बिहार के कई जिलों से जुड़े होने के इनपुट मिले हैं. संदिग्ध अपराधियों की तलाश में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है. वहीं, भारत-नेपाल सीमा पर भी सतर्कता बढ़ाई गई है. पुलिस ने SSB से सहयोग मांगा है, ताकि अपराधी सीमा पार कर भागने में सफल न हो सकें.

CCTV में कैद हुई वारदात
शोरूम में लगे CCTV कैमरों में लूट की वारदात कैद हुई है. फुटेज में हथियारों से लैस अपराधी शोरूम में घुसते दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने कर्मचारियों को हथियार के बल पर एक तरफ खड़ा कर दिया. विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई. इसके बाद अपराधी शोरूम से आभूषण लेकर फरार हो गए. इस वारदात की एक खास बात यह भी है कि अपराधियों ने चेहरे पर नकाब नहीं लगाया था. वे खुले चेहरे के साथ शोरूम में पहुंचे और लूट को अंजाम दिया.

अभी नहीं पता चल सकी लूटे गए गहनों की सही कीमत
शोरूम से कितने रुपये के आभूषण लूटे गए, इसका सही आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है. पुलिस और शोरूम प्रबंधन स्टॉक का मिलान कर रहे हैं. छोटे-छोटे आभूषणों की संख्या और कीमत का हिसाब लगाया जा रहा है. इसी वजह से अंतिम आंकड़ा आने में समय लग रहा है. DIG हरकिशोर राय ने भरोसा दिलाया है कि पुलिस को मामले में अहम सुराग मिले हैं और अगले 1 से 2 दिनों में लूटकांड का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है. अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई पर है.



Source link