Success Story: 8 साल की उम्र में जिंदगी ने दिया सबसे बड़ा दर्द, उसी को ताकत बनाकर रुद्रांश ने थामी पिस्टल; और लिख दी जीत की नई कहानी

Success Story: 8 साल की उम्र में जिंदगी ने दिया सबसे बड़ा दर्द, उसी को ताकत बनाकर रुद्रांश ने थामी पिस्टल; और लिख दी जीत की नई कहानी


Last Updated:

Inspiring Success Story Of Para Shooter Rudransh Khandelwal: राजस्थान के स्टार पैराशूटर रुद्रांश खंडेलवाल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वर्ष 2025 के अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया है. वे इस साल यह सम्मान पाने वाले राजस्थान के इकलौते खिलाड़ी हैं. 8 साल की उम्र में आतिशबाजी हादसे में एक पैर गंवाने के बाद रुद्रांश ने हार नहीं मानी और मां की प्रेरणा से शूटिंग को अपना करियर बनाया. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 3 साल में 6 गोल्ड और 4 सिल्वर मेडल जीतने के साथ चार बार वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. अब वे आगामी लॉस एंजिल्स पैरालंपिक की तैयारियों में जुटे हैं.

राजस्थान के खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से देश-दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं. इसी कड़ी में पैराशूटर रुद्रांश खंडेलवाल को हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में वर्ष 2025 के अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया. अर्जुन अवॉर्ड 2025 के लिए घोषित 17 विजेताओं में रुद्रांश राजस्थान के इकलौते खिलाड़ी हैं. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महज तीन साल में 6 गोल्ड और 4 सिल्वर मेडल अपने नाम किए हैं. इस दौरान रुद्रांश ने चार बार वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया.

पैराशूटर रुद्रांश खंडेलवाल उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने जिंदगी की कठिन परिस्थितियों को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया. महज 8 साल की उम्र में रुद्रांश अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में गए थे. इस दौरान आतिशबाजी के बीच हुए एक भयानक विस्फोट में उन्हें अपना एक पैर गंवाना पड़ा. हालांकि, इस हादसे के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आगे चलकर शूटिंग को अपना जुनून बना लिया. अपनी मेहनत और लगन के दम पर आज रुद्रांश पैरा-शूटिंग की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं.

हादसे में अपना एक पैर गंवाने के बाद रुद्रांश खंडेलवाल लंबे समय तक घर पर ही रहे. इस हादसे के सदमे से उबरने में उन्हें काफी समय लगा. उनकी मां को चिंता थी कि कहीं रुद्रांश डिप्रेशन में न चले जाएं. ऐसे में उनका ध्यान बंटाने और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए मां ने उन्हें खेलों से जोड़ने का फैसला किया. इसके बाद रुद्रांश को कृत्रिम पैर लगवाया गया और शूटिंग की ट्रेनिंग दिलाई गई. उन्होंने भरतपुर और जयपुर की शूटिंग एकेडमी में अपने खेल को निखारा और विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू किया.

Add News18 as
Preferred Source on Google

हादसे में अपना पैर गंवाने के बाद रुद्रांश खंडेलवाल ने शूटिंग की शुरुआत की, लेकिन इस खेल में अपनी जगह बनाने के लिए उन्हें लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा. लगातार सात साल तक मेहनत करने के बावजूद वह राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने से चूकते रहे. कई बार महज कुछ अंकों के मामूली अंतर से उनका चयन नहीं हो पाता था. लगातार मिल रही असफलताओं से एक समय ऐसा भी आया, जब रुद्रांश ने शूटिंग छोड़ने तक का मन बना लिया था. हालांकि, मां के हौसले और कोच के लगातार मार्गदर्शन ने उन्हें हार नहीं मानने दी. वह शूटिंग से जुड़े रहे और पूरी लगन के साथ अपनी तैयारी जारी रखी.

रुद्रांश खंडेलवाल के शूटिंग करियर में सफलता का दौर साल 2022 से शुरू हुआ. उस समय उनके कोच सुमित राठी ने उन्हें 10 मीटर एयर पिस्टल के साथ-साथ 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा (SH1 वर्ग) में भी हिस्सा लेने की सलाह दी. इसके बाद रुद्रांश का चयन भारतीय राष्ट्रीय पैरा-शूटिंग टीम में हो गया. साल 2023 में क्रोएशिया के ओसिजेक में आयोजित WSPS विश्व कप में उन्होंने P4 मिक्स्ड 50 मीटर पिस्टल SH1 इवेंट में 231.1 का स्कोर हासिल कर गोल्ड मेडल जीता. इस प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता मनीष नरवाल का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.

रुद्रांश खंडेलवाल का शूटिंग सफर जिला स्तर से शुरू होकर अब अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच चुका है. साल 2024 में महज 17 साल की उम्र में उन्होंने पेरिस पैरालंपिक में पहली बार भारत का प्रतिनिधित्व किया. हालांकि, वह बेहद मामूली अंतर से पदक जीतने और फाइनल में जगह बनाने से चूक गए, लेकिन इस अनुभव ने उन्हें और परिपक्व बनाया. इसके बाद उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए गोल्ड मेडल जीते. अब रुद्रांश आगामी लॉस एंजिलिस ओलंपिक की तैयारियों में जुटे हैं.

अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित रुद्रांश खंडेलवाल ने शूटिंग के क्षेत्र में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने 2024 शूटिंग वर्ल्ड कप में दो गोल्ड मेडल जीते. इसके अलावा, दक्षिण कोरिया में आयोजित वर्ल्ड कप में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया. वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट्स कप में भी रुद्रांश कई पदक जीत चुके हैं. उन्होंने 50 मीटर पिस्टल SH1 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने के साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया है. इसके अलावा, WSPS वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियन पैरा गेम्स में भी रुद्रांश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए हैं.

पैरा शूटिंग के खिलाड़ी रुद्रांश खंडेलवाल का जन्म 19 नवंबर 2006 को भरतपुर में हुआ था. उनके पिता आशुतोष खंडेलवाल कपड़ा व्यवसायी हैं, जबकि मां विनीता खंडेलवाल भरतपुर यूनिवर्सिटी में लेक्चरर हैं. परिवार में उनकी दो बड़ी बहनें भी हैं. रुद्रांश के शूटिंग करियर को संवारने में उनके माता-पिता का अहम योगदान रहा है. खेल के अलावा उन्हें कविताएं पढ़ने और लिखने का भी शौक है. अपनी प्रतिभा, समर्पण और कड़ी मेहनत के दम पर रुद्रांश लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और दुनियाभर में राजस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं.



Source link